लंदन, 2 सितंबर (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) ने जर्मनी के लाइपजिग एयरपोर्ट पर हुए कथित ड्रोन हमले के मामले में रूस के राजदूतों को तलब किया है। ईयू की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास ने बुधवार को आयरलैंड के विकलो में विदेश मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक से पहले यह जानकारी दी।
![]()
लंदन, 2 सितंबर (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) ने जर्मनी के लाइपजिग एयरपोर्ट पर हुए कथित ड्रोन हमले के मामले में रूस के राजदूतों को तलब किया है। ईयू की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास ने बुधवार को आयरलैंड के विकलो में विदेश मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक से पहले यह जानकारी दी।
काजा कैलास ने कहा, “हम पहले ही रूसी राजदूतों को तलब कर चुके हैं। कई सदस्य देशों ने भी यही कदम उठाया है। अब हम इस पर चर्चा करेंगे कि आगे और क्या कार्रवाई की जा सकती है।”
यह बयान अगस्त की शुरुआत में लाइपजिग एयरपोर्ट पर मिले विस्फोटक से लैस एक ड्रोन की घटना के बाद आया है। जांच के अनुसार ड्रोन का डेटोनेटर खराब होने से बड़ा हादसा टल गया। इसके कुछ समय बाद डीएचएल का एक कार्गो विमान उड़ान के दौरान एक उड़ती वस्तु से टकरा गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित रूप से हैनोवर एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। जांच में विमान पर ड्रोन हमले जैसे नुकसान के निशान मिले।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, पिछले सप्ताह एयरपोर्ट के आसपास एक तीसरा ड्रोन और सैन्य-ग्रेड विस्फोटक भी बरामद किए गए, जिन्हें इस घटना से जुड़ा माना जा रहा है।
जर्मनी सरकार ने मंगलवार को इस घटना के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराते हुए कई जवाबी कदमों की घोषणा की। इनमें बॉन स्थित रूसी महावाणिज्य दूतावास को 18 सितंबर से बंद करना, बर्लिन स्थित रूसी हाउस का अनुबंध समाप्त करना और रूसी राजदूत को तलब करना शामिल है।
जर्मनी के गृह मंत्री अलेक्जेंडर डोब्रिंट ने कहा कि सरकार इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि 4 अगस्त को लाइपजिग में हुआ हमला रूस की “हाइब्रिड कार्रवाई” थी।
विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल ने बताया कि जर्मनी यूरोपीय संघ के साथ मिलकर रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। इसमें यात्रा प्रतिबंध, रूसी नागरिकों के प्रवेश नियमों को सख्त करना और नए प्रतिबंध शामिल हो सकते हैं।
वहीं, ईयू की विदेश नीति प्रमुख कैलास ने कहा कि रूस के सैन्य-औद्योगिक ढांचे से जुड़े 1,600 नाम पहले से ही प्रतिबंध सूची में शामिल किए जाने की प्रक्रिया में हैं और इसमें आगे और नाम जोड़े जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पर चर्चा होगी, लेकिन बुधवार की बैठक में कोई अंतिम फैसला नहीं लिया जाएगा।
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने भी कहा कि जर्मनी लगातार हाइब्रिड हमलों का निशाना बन रहा है और हमले के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
--आईएएनएस
डीएससी
Leave A Reviews