Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर भीषण हादसा: ट्रक-पिकअप की टक्कर में 3 की मौत, 11 गंभीर घायल


गोंदिया. महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में पिकअप में सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के रहने वाले हैं। ये सभी मजदूर काम के सिलसिले में हैदराबाद जा रहे थे। इसी दौरान सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि में नागरा परिसर में ये हादसा हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और ग्रामीण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तुरंत गोंदिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

इसके पहले महाराष्ट्र के सतारा में अगस्त महीने में इसी तरह भीषण हादसा हुआ था। मावल तालुका के कामशेत, तालेगांव दाभाड़े और आस-पास के इलाकों के छह युवक एक कार में जा रहे थे। इसी दौरान शिरवल की सीमा में पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में चार युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी और दो घायल हो गए थे।

मृतकों की पहचान वेदांत अर्जुन वारिंगे (उम्र 19, निवासी तलेगांव दाभाड़े), सोनलिंग धीरेंद्र ठाकुर (उम्र 19, निवासी कामशेत), आदित्य बालासाहेब गरुड़ (उम्र 19, निवासी तकवे, ताल. मावल) और निखिल बालू राउत (उम्र 20, निवासी कामशेत) के रूप में हुई थी। वहीं, दीक्षित दयानंद पुजारी (उम्र 20, निवासी कामशेत) और मयूर हनुमंत शिंदे (उम्र 20, निवासी बाउर, कामशेत) दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

Date & Time : 2026-09-08 09:40:03

Share:

Leave A Reviews

Related News