छत्रपति संभाजीनगर, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पढ़े-लिखे लोगों के आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का एक और मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से रविवार को छह युवाओं को गिरफ्तार किया गया है। इन युवाओं पर अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल होने का आरोप है।
![]()
छत्रपति संभाजीनगर, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पढ़े-लिखे लोगों के आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का एक और मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से रविवार को छह युवाओं को गिरफ्तार किया गया है। इन युवाओं पर अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल होने का आरोप है।
छत्रपति संभाजीनगर के जोन-2 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रत्नाकर नवले के अनुसार, सिडको पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन ब्रांच ने रात भर चले एक ऑपरेशन में इन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से चार हथियार और 11 कारतूस बरामद किए गए।
पुलिसकर्मी यह देखकर हैरान रह गए कि गिरफ्तार किए गए कुछ युवाओं के पास बीएससी, बीकॉम, और बीसीएस जैसी डिग्रियां थीं। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद बेहतर करियर बनाने के बजाय, वे हथियारों के अवैध कारोबार में शामिल थे। फिलहाल इस मामले की आगे जांच चल रही है।
शुरुआती जांच से पता चलता है कि ये हथियार मध्य प्रदेश से लाए जा रहे थे और शहर की अलग-अलग जगहों पर सप्लाई किए जा रहे थे। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क के पीछे कोई संगठित गिरोह (सिंडिकेट) काम कर रहा हो सकता है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी हर हथियार बेचने पर करीब 40,000 से 45,000 रुपए कमा रहे थे। हालांकि जांचकर्ता अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये हथियार कहां से लाए गए, इन्हें खरीदने वाले कौन थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए छह लोगों में से दो के खिलाफ पहले भी मारपीट और हिंसा के मामले दर्ज हो चुके हैं।
सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगे की जांच के लिए चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। अब जांचकर्ता हथियारों के स्रोत, सप्लाई चेन और आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहे हैं।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आरोपी इस मामले में किस हद तक शामिल थे और इस नेटवर्क का असली स्वरूप क्या है।
यह मामला इस बात को लेकर चिंता पैदा करता है कि कैसे पढ़े-लिखे युवा हथियारों की तस्करी जैसे आपराधिक कामों में शामिल हो रहे हैं।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी
Leave A Reviews