मुंबई, 5 जून (आईएएनएस)। आज के दौर में तेजी से पैसा कमाने का सपना दिखाने वाली पिरामिड स्कीम्स और मल्टी-लेवल मार्केटिंग जैसे मॉडल अक्सर चर्चा में रहते हैं। कई बार लोग ज्यादा कमाई की उम्मीद में ऐसी स्कीम का हिस्सा बन जाते हैं, लेकिन बाद में उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। इस विषय को उठाने के लिए अभिनेता रणवीर शौरी अपनी नई वेब सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' लेकर आ रहे हैं।
![]()
मुंबई, 5 जून (आईएएनएस)। आज के दौर में तेजी से पैसा कमाने का सपना दिखाने वाली पिरामिड स्कीम्स और मल्टी-लेवल मार्केटिंग जैसे मॉडल अक्सर चर्चा में रहते हैं। कई बार लोग ज्यादा कमाई की उम्मीद में ऐसी स्कीम का हिस्सा बन जाते हैं, लेकिन बाद में उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। इस विषय को उठाने के लिए अभिनेता रणवीर शौरी अपनी नई वेब सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' लेकर आ रहे हैं।
शो के प्रमोशन के दौरान आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अभिनेता ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया और बताया कि वह भी कभी ऐसी दुनिया से रूबरू हो चुके हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए रणवीर शौरी ने कहा, "अपने शुरुआती दिनों में मैंने एक ऐसी कंपनी को करीब से देखा था, जिसका कामकाज पिरामिड स्कीम जैसा था। उस समय मेरा टीवी करियर शुरू नहीं हुआ था और मैं अलग-अलग इवेंट्स में हिस्सा लिया करता था। एक बार मैं ऐसी ही एक कंपनी के इवेंट में गया था। हालांकि, मैं कभी उस स्कीम का हिस्सा नहीं बना और न ही उसमें निवेश किया, लेकिन मैंने उसके काम करने के तरीके को नजदीक से देखा था।"
रणवीर ने कहा, "उस दौर में लोगों के पास आज जैसी जानकारी और जागरूकता नहीं थी। इंटरनेट और सोशल मीडिया का प्रभाव भी इतना नहीं था, इसलिए कई लोगों को ऐसी स्कीम पूरी तरह एक आकर्षक करियर ऑप्शन की तरह लगती थी। उस समय लोगों को यह विश्वास दिलाया जाता था कि वे कम समय में बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं और लोग पहले की तुलना में ज्यादा समझदार हो गए हैं। अब ज्यादातर लोग किसी भी निवेश या कमाई के मॉडल को अपनाने से पहले उसकी पूरी जानकारी लेने की कोशिश करते हैं।"
अपनी नई सीरीज में निभाए गए किरदार के बारे में बात करते हुए रणवीर शौरी ने कहा, ''मुझे यह भूमिका बेहद खास लगी। सीरीज में मैं मनोज श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति का किरदार निभा रहा हूं। यह किरदार उन लाखों आम लोगों का प्रतिनिधित्व करता है जो जिंदगी की जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को दबाकर जीते हैं। कई लोग अपने परिवार का खर्च चलाने, बच्चों की परवरिश करने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि उनके व्यक्तिगत सपने कहीं पीछे छूट जाते हैं।''
रणवीर ने कहा, ''ऐसे लोगों के भीतर बेहतर जिंदगी पाने की उम्मीद हमेशा मौजूद रहती है। यही उम्मीद कई बार उन्हें ऐसे अवसरों की ओर खींच ले जाती है, जो बाहर से बेहद आकर्षक दिखाई देते हैं। शो में मेरा किरदार भी इसी उम्मीद के कारण एक पिरामिड स्कीम के जाल में फंस जाता है। यह कहानी समाज के एक बड़े वर्ग की भावनाओं और संघर्षों को दर्शाती है।''
उन्होंने कहा, "जब मुझे यह रोल ऑफर किया गया तो बेहद खुशी हुई। मेरे लिए यह सम्मान की बात थी कि निर्माताओं ने इस महत्वपूर्ण किरदार के लिए मेरा चयन किया। इस किरदार को निभाना आसान नहीं था, क्योंकि इसमें आम आदमी की भावनाओं, उम्मीदों और कमजोरियों को सच्चाई के साथ दिखाना था। इस भूमिका को सफलतापूर्वक निभाने का श्रेय शो के निर्देशकों को जाता है। उन्होंने हर कदम पर मार्गदर्शन किया। अगर मुझे निर्देशकों का साथ नहीं मिलता, तो शायद मैं इस भूमिका के साथ पूरा न्याय नहीं कर पाता।"
'द पिरामिड स्कीम' का निर्माण 'द वायरल फीवर' ने किया है। इस सीरीज को श्रेयांश पांडे ने तैयार किया है, जबकि इसका निर्देशन आशीष आर शुक्ला और श्रेयांश पांडे ने मिलकर किया है। यह सीरीज प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम
Leave A Reviews