Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मणिपुर के मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने गुवाहाटी तक यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग उठाई


इंफाल, 13 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को राज्य को गुवाहाटी से जोड़ने वाली यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे चारों ओर से जमीन से घिरे (लैंडलॉक) इस राज्य के लोगों को बहुत फायदा होगा, खासकर उन्हें, जिन्हें मणिपुर से बाहर यात्रा करते समय काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इंफाल, 13 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को राज्य को गुवाहाटी से जोड़ने वाली यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे चारों ओर से जमीन से घिरे (लैंडलॉक) इस राज्य के लोगों को बहुत फायदा होगा, खासकर उन्हें, जिन्हें मणिपुर से बाहर यात्रा करते समय काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव सौंपा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सेवा इसी साल शुरू हो जाएगी, जिससे रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी और लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

खेमचंद सिंह ने कहा कि जब रेल मंत्री इस साल के अंत में राज्य का दौरा करेंगे, तब यात्री ट्रेन सेवा के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को इंफाल पश्चिम जिले के इंफाल रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही, उन्होंने इंफाल-जीरीबाम रेलवे परियोजना की प्रगति की समीक्षा भी की। यह एक बड़ा बुनियादी ढांचा (इंफ्रास्ट्रक्चर) प्रोजेक्ट है, जिससे मणिपुर और देश के बाकी हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी में काफी सुधार होने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान, डिप्टी चीफ इंजीनियर मो. सैमुअल ने मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह को रेलवे परियोजना की प्रगति और भारतीय रेलवे द्वारा किए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी दी।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक अधिकारी ने रेलवे अधिकारियों के हवाले से बताया कि 110 किलोमीटर लंबी इंफाल-जीरीबाम रेलवे परियोजना के तहत, तामेंगलोंग जिले में खोंगसांग तक लगभग 55 किलोमीटर रेलवे लाइन का काम पूरा हो चुका है।

बाकी हिस्सों पर काम चल रहा है, और अवांगखुल तक का 9 किलोमीटर का एक और सेक्शन नवंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।

अधिकारी ने बताया कि इसका उद्घाटन बहुत जल्द किया जाएगा।

अधिकारी के अनुसार, नोनी सेक्शन को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि रेलवे लाइन के दिसंबर 2028 तक इंफाल पहुंचने की उम्मीद है।

इंफाल में रेलवे स्टेशन की इमारत और ऑपरेशनल ऑफिस का ढांचा तैयार हो चुका है, और अभी फिनिशिंग का काम चल रहा है।

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) के जनरल मैनेजर विवेक खरे के 17 नवंबर को राज्य के दौरे पर आने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान कोंथौजाम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सपम रंजन सिंह, परिवहन निदेशक और राज्य तथा रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंफाल को दक्षिणी असम के कछार जिले की सीमा से लगे जिरीबाम कस्बे से जोड़ने वाली रेलवे लाइन, लगभग 22,000 करोड़ रुपए की लागत वाली एक महत्वपूर्ण 111 किलोमीटर लंबी बुनियादी ढांचा परियोजना है। इसके जून 2029 तक पूरी तरह से चालू हो जाने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

एमएस/

Date & Time : 2026-11-13 23:35:02

Share:

Leave A Reviews

Related News