Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मणिपुर: उग्रवादी संगठन का प्रमुख गिरफ्तार, हथियार जब्त


इम्फाल, 6 अगस्त (आईएएनएस)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने गुरुवार को चुराचांदपुर जिले से प्रतिबंधित यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) उग्रवादी संगठन के स्वयंभू प्रमुख को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ सुरक्षा बलों ने उससे पूछताछ के आधार पर हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक का जखीरा भी बरामद किया है।

इम्फाल, 6 अगस्त (आईएएनएस)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने गुरुवार को चुराचांदपुर जिले से प्रतिबंधित यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) उग्रवादी संगठन के स्वयंभू प्रमुख को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ सुरक्षा बलों ने उससे पूछताछ के आधार पर हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक का जखीरा भी बरामद किया है।

इसी को लेकर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित यूकेएनए के स्वयंभू प्रमुख, आरसी सिंगसन को चुराचांदपुर जिले के ओल्ड गेल्मोल गांव से गिरफ्तार किया गया। यह जिला मिजोरम के साथ अंतर-राज्यीय सीमा और म्यांमार के साथ बिना बाड़ वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है।

अधिकारी के अनुसार, प्रतिबंधित यूकेएनए एक हमार आदिवासी उग्रवादी संगठन है। यह केंद्र सरकार के साथ हुए 'सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन्स' (एसओओ) समझौते के तहत आने वाले विद्रोही समूहों में शामिल नहीं है।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार उग्रवादी नेता से मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने उसी जिले के थिंगचावम गांव के जंगली इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। उन्हें भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और संचार उपकरण मिले।

जब्त हथियारों में मैगजीन के साथ एक एके-47 राइफल, मैगजीन के साथ एक 9 एमएम पिस्तौल, तीन इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) और दो बाओफेंग रेडियो संचार सेट शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि हथियारों के स्रोत का पता लगाने और उग्रवादी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है।

इस बीच डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स अलायंस ऑफ मणिपुर (डीईएसएएस) से मिली जानकारी के आधार पर इंफाल के एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के कर्मियों ने 15 लोगों (छह महिलाओं और नौ पुरुषों) को हिरासत में लिया। ये लोग दिल्ली से इंडिगो की उड़ान से इंफाल हवाई अड्डे पहुंचे थे।

इसके बाद पुलिस ने सभी 15 लोगों को उनके 79 सामान के साथ सिंगजामेई पुलिस स्टेशन को सौंप दिया। जांच के दौरान सामान में इंडियन मेड फॉरेन लिकर (आईएमएफएल) की 519 बोतलें मिलीं, जिन्हें कथित तौर पर मौजूदा नियमों का उल्लंघन करके ले जाया जा रहा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है और जब्त शराब और हिरासत में लिए गए लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सौंप दिया जाएगा।

एक अन्य घटनाक्रम में मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इंफाल पूर्वी जिले के मंत्रीपुखरी में स्थित राज्य के सिविल सचिवालय परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।

इस बैठक में राज्य के गृह मंत्री कोंथौजम गोविंदस सिंह, कला, संस्कृति और पर्यटन मंत्री लोकेन खुराईजम सिंह, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुकेश सिंह और कई वरिष्ठ सिविल व पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

बाद में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा, “सिविल सचिवालय की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में सचिवालय की सुरक्षा के लिए तत्काल सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने और कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए अहम उपायों को अंतिम रूप दिया गया।”

अधिकारियों ने बताया कि समीक्षा बैठक का मकसद राज्य के प्रशासनिक मुख्यालय के कामकाज के लिए सुरक्षित माहौल बनाए रखने के वास्ते सुरक्षा ढांचे को मजबूत करना, निगरानी बढ़ाना, एक्सेस कंट्रोल में सुधार करना और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना था।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी

Share:

Leave A Reviews

Related News