Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मेरा बेटा फुटबॉलर बनना चाहता है, तुषार कपूर ने बेटे के करियर को लेकर किया खुलासा


मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर ने फ़िल्मी दुनिया में अपने 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस लंबे सफर में उन्होंने सफलता भी देखी और असफलता भी, लेकिन जब बात उनके बेटे लक्ष्य कपूर के भविष्य की आती है, तो उनका साफ कहना है कि वह अपना कोई भी फैसला उस पर थोपना नहीं चाहते।

मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर ने फ़िल्मी दुनिया में अपने 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस लंबे सफर में उन्होंने सफलता भी देखी और असफलता भी, लेकिन जब बात उनके बेटे लक्ष्य कपूर के भविष्य की आती है, तो उनका साफ कहना है कि वह अपना कोई भी फैसला उस पर थोपना नहीं चाहते।

तुषार ने कहा कि हर इंसान को वही काम चुनना चाहिए, जिसे करने का उसके अंदर सच्चा जुनून हो। उन्होंने बताया कि उनका बेटा फिल्मों में नहीं, बल्कि फुटबॉल में अपना करियर बनाना चाहता है और वह उसकी इस पसंद का पूरा सम्मान करते हैं।

आईएएनएस को दिए इंटरव्यू के दौरान तुषार कपूर ने अपने बेटे लक्ष्य कपूर के करियर को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ''लक्ष्य की दिलचस्पी इस समय फुटबॉल में है और उसका सपना फुटबॉलर बनने का है। मैं चाहता हूं कि मेरा बेटा उसी फील्ड में आगे बढ़े, जहां उसकी दिलचस्पी है। भारत में फुटबॉल में करियर बनाना आसान नहीं है, लेकिन अगर लक्ष्य पूरी मेहनत और लगन से आगे बढ़ेगा तो मैं उसका पूरा साथ दूंगा।''

तुषार ने कहा, ''अगर लक्ष्य भविष्य में अभिनेता बनने का फैसला भी करता है तो उसे पहले पूरी तरह यह समझना होगा कि यह आसान पेशा नहीं है। अभिनय में आने के लिए सिर्फ नाम या पहचान काफी नहीं होती, बल्कि इसके लिए जुनून, मेहनत और हर मुश्किल का सामना करने का हौसला भी होना चाहिए। अगर कोई इन चुनौतियों के लिए तैयार नहीं है तो उसे इस प्रोफेशन में कदम नहीं रखना चाहिए।''

अभिनेता ने फिल्मी परिवारों के बच्चों को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ''अक्सर लोग मान लेते हैं कि फिल्मी परिवार के बच्चे मजबूरी में अभिनेता बनते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। मेरे पिता (जितेंद्र) ने कभी मुझ पर अभिनेता बनने का दबाव नहीं डाला। इसी तरह धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन जैसे बड़े सितारों ने भी अपने बच्चों को इस पेशे में आने के लिए मजबूर नहीं किया। हर व्यक्ति को अपने मन से फैसला लेना चाहिए कि उसे किस क्षेत्र में जाना है।''

तुषार कपूर ने कहा, ''अब समय के साथ फिल्म इंडस्ट्री को लेकर लोगों की सोच भी बदली है। पहले जितना आसान यह पेशा बाहर से दिखाई देता था, असल में उतना आसान कभी नहीं रहा। अभिनय में सफल होने के लिए टैलेंट, अच्छी स्क्रीन प्रजेंस, मेहनत, सब्र और संघर्ष करने की ताकत बेहद जरूरी होती है। इसके अलावा किस्मत भी अहम भूमिका निभाती है। अगर किसी को शुरुआत से ही अच्छे संकेत नहीं मिल रहे हैं, तो उसे समय रहते दूसरा रास्ता चुन लेना चाहिए।''

उन्होंने कहा, ''फिल्मों की दुनिया में हर किसी के लिए जगह नहीं होती। इसलिए सिर्फ किसी को देखकर या ग्लैमर से प्रभावित होकर इस क्षेत्र में नहीं आना चाहिए। जो लोग पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ आते हैं, वही लंबे समय तक टिक पाते हैं।''

तुषार कपूर ने 1 जून 2016 को सरोगेसी के जरिए बेटे लक्ष्य कपूर का स्वागत किया था। इसके साथ ही वह बॉलीवुड के पहले सिंगल फादर बने थे। तुषार अक्सर अपने बेटे के साथ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।

--आईएएनएस

पीके/वीसी

Share:

Leave A Reviews

Related News