Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मीनाक्षी लेखी 'दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया' की चेयरपर्सन बनीं


आगरा, 13 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने 'दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया' (डीसीसीबीआई) की अध्यक्ष के तौर पर नई जिम्मेदारी संभाली है। यह संस्था भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के लिए काम करती है। उनकी नियुक्ति की घोषणा आगरा में आयोजित भव्य 'दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड सेरेमनी' के दौरान की गई।

आगरा, 13 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने 'दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया' (डीसीसीबीआई) की अध्यक्ष के तौर पर नई जिम्मेदारी संभाली है। यह संस्था भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के लिए काम करती है। उनकी नियुक्ति की घोषणा आगरा में आयोजित भव्य 'दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड सेरेमनी' के दौरान की गई।

दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों, अधिकारियों और आयोजकों को संबोधित करते हुए, पूर्व सांसद, वरिष्ठ समाजसेवी और सुप्रीम कोर्ट की जानी-मानी वकील मीनाक्षी लेखी ने कहा कि वह पूरी लगन, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ इस जिम्मेदारी को निभाएंगी और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिव्यांग क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए काम करेंगी।

खिलाड़ियों से बात करते हुए मीनाक्षी लेखी ने कहा, "हमें भगवान श्री राम के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने राजकुमार होने के बावजूद अपने माता-पिता की इच्छा का पालन किया और वनवास स्वीकार किया।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कर्म ही जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। पूर्व विदेश राज्य मंत्री ने कहा, "ईमानदारी और लगन से अपने कर्तव्य निभाते रहें; आपके सामने रास्ते खुलते जाएंगे।"

मीनाक्षी लेखी ने कहा है कि दिव्यांग खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और प्रतिभा देश के लिए गर्व की बात है। दिव्यांग खिलाड़ियों को न सिर्फ खेल के मैदान में मौका देना, बल्कि उन्हें सम्मान, पहचान और बेहतर भविष्य दिलाना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

मीनाक्षी लेखी का उनकी नई भूमिका में स्वागत करते हुए, 'दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया' के अध्यक्ष मुकेश कंचन ने कहा, "दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया को आप में एक 'मां' मिली है। बोर्ड को एक ऐसी मां की बहुत जरूरत थी जो अपने बच्चों का मार्गदर्शन कर सके, उन्हें आगे बढ़ना सिखा सके, कड़ी मेहनत के लिए प्रोत्साहित कर सके और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित कर सके। हमें पूरा भरोसा है कि आपके मार्गदर्शन में दिव्यांग क्रिकेट नई ऊंचाइयों को छुएगा।"

व्हीलचेयर यूनिट के अध्यक्ष डॉ. भगवान तलवारे ने लेखी के बोर्ड में चेयरपर्सन के तौर पर शामिल होने पर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका व्यापक अनुभव, लीडरशिप क्षमताएं और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण भारत में दिव्यांग क्रिकेट को नई दिशा और मजबूती देगा।

दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया देश भर में दिव्यांग क्रिकेट को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मौके बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है। आगामी अंतरराष्ट्रीय पहलों के तहत, बोर्ड मुंबई में भारत, श्रीलंका और नेपाल के बीच ट्राई-नेशन दिव्यांग क्रिकेट सीरीज आयोजित करने की योजना पर आगे बढ़ रहा है।

प्रस्तावित सीरीज तीनों देशों के खिलाड़ियों को अपना हुनर ​​दिखाने, ऊंचे स्तर पर मुकाबला करने और क्रिकेट के जरिए दोस्ती और खेल भावना को मजबूत करने का एक अहम इंटरनेशनल मंच देगी।

दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों ने भरोसा जताया कि मीनाक्षी लेखी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम को नई ताकत और मौके मिलेंगे, साथ ही देश भर के हजारों दिव्यांग क्रिकेटरों को अपने खेल के सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share:

Leave A Reviews

Related News