Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

मिशन-2027 : मेरठ में नितिन नवीन के स्वागत में उमड़ा संगठन, बूथ से जिला स्तर तक तैयारियों की समीक्षा


मेरठ, 21 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को दो दिवसीय पश्चिमी यूपी दौरे पर मेरठ पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए।

मेरठ, 21 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को दो दिवसीय पश्चिमी यूपी दौरे पर मेरठ पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए।

दौरे के दौरान पार्टी नेतृत्व का फोकस बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक संगठन की तैयारियों की समीक्षा तथा कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद पर रहा। नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह पहला दौरा है। सोमवार को मेरठ पहुंचने पर काशी टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से ट्रैक्टर और बुलडोजर भी स्वागत की तैयारियों में लगाए गए थे।

स्वागत के दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ नारेबाजी हुई और नितिन नवीन ने हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद नितिन नवीन सुभारती विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। यहां आयोजित युवा संवाद में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद का कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों में खासा उत्साह दिखाई दिया। युवा संवाद के बाद नितिन नवीन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के सम्मेलन में शामिल हुए।

पार्टी के मुताबिक, सम्मेलन में बड़ी संख्या में शक्ति केंद्र संयोजकों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही। संगठनात्मक बैठकों में बूथ से लेकर शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक की तैयारियों की जानकारी ली गई। नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पश्चिमी यूपी के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ भी बैठक का कार्यक्रम रहा। इन बैठकों में संगठन की स्थिति, आगामी चुनाव की तैयारियों और जमीनी स्तर से मिलने वाले फीडबैक पर चर्चा की गई। भाजपा की ओर से हाल में संगठनात्मक ढांचे में बदलाव और जिलों के प्रभारियों की नियुक्ति के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन की नई टीम की सक्रियता परखने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नितिन नवीन का दौरा केवल बड़े कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। पार्टी के कार्यक्रम के मुताबिक, वह जमीनी कार्यकर्ताओं और संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों के साथ सीधे संवाद कर रहे हैं। भाजपा का जोर बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, शक्ति केंद्रों को मजबूत करने और मंडल तथा जिला इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय पर है।

दौरे के दूसरे दिन, यानी मंगलवार को नितिन नवीन सहारनपुर पहुंचेंगे। वहां वह एक भाजपा कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे। इसके बाद पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और जिलास्तरीय संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद शाकंभरी देवी के दर्शन का कार्यक्रम है, जिसके बाद वह दिल्ली लौटेंगे। मेरठ और सहारनपुर में होने वाली बैठकों में बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर की तैयारियों पर विशेष जोर रहेगा। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लेने की कवायद को संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय करने की प्रक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।

--आईएएनएस

विकेटी/एसके

Date & Time : 2026-09-21 12:45:02

Share:

Leave A Reviews

Related News