Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

नालंदा विश्वविद्यालय में 'शास्त्रार्थ 2026': प्रो. सचिन चतुर्वेदी बोले, केवल एआई के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती शिक्षा


राजगीर, 17 मई (आईएएनएस)। बिहार के नालंदा जिले के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय अपने तृतीय स्नातकोत्सव (दीक्षांत) समारोह के अवसर पर रविवार को दो दिवसीय 'शास्त्रार्थ 2026' शुरू हुआ। यह आयोजन प्राचीन नालंदा महाविहार की समृद्ध बौद्धिक परंपरा को समकालीन अकादमिक जीवन में पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

राजगीर, 17 मई (आईएएनएस)। बिहार के नालंदा जिले के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय अपने तृतीय स्नातकोत्सव (दीक्षांत) समारोह के अवसर पर रविवार को दो दिवसीय 'शास्त्रार्थ 2026' शुरू हुआ। यह आयोजन प्राचीन नालंदा महाविहार की समृद्ध बौद्धिक परंपरा को समकालीन अकादमिक जीवन में पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

बताया गया कि विश्वविद्यालय ने पहली बार शास्त्रार्थ की प्राचीन परंपरा को औपचारिक रूप से अपने शैक्षणिक कैलेंडर में स्थान दिया है। यह पहल गुरु-शिष्य परंपरा की उस जीवंत भावना को पुनर्स्थापित करने का प्रयास है, जिसमें सार्थक बौद्धिक संवाद, तार्किक चिंतन और शोधपरक विमर्श के माध्यम से ज्ञान की गहराई और अकादमिक उत्कृष्टता को विकसित किया जाता है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा अपने शोध-प्रबंधों का सार्वजनिक प्रतिरक्षण तथा विद्वत् संवाद आयोजित किए गए, जिनमें गंभीर अकादमिक विमर्श और तार्किक संवाद की समृद्ध परंपरा देखने को मिली। वर्तमान में भी विभिन्न विषयगत शास्त्रार्थ सत्र जारी हैं।

कार्यक्रम का मूल उद्देश्य भारतीय चिंतन परंपरा में निहित तर्क, प्रमाण, संवाद और सत्य की खोज की परंपरा को आधुनिक अकादमिक पद्धति के साथ पुनर्जीवित करना है।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत स्नातक मंगल गान के साथ हुई, जिसके बाद कुलपति प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने उद्घाटन संबोधन दिया। "शास्त्रार्थ की परंपरा: इतिहास, व्यवहार और समकालीन प्रासंगिकता" विषय पर आयोजित विशेषज्ञ पैनल में भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध आयामों से जुड़े प्रतिष्ठित विद्वानों और चिंतकों ने सहभागिता की।

प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने कहा, "नालंदा में हम चाहते हैं कि विद्यार्थी केवल शोध प्रबंध जमा न करें, बल्कि अपने विचारों को समझें, व्यक्त करें, उनका प्रतिपादन करें और उन्हें व्यापक संदर्भों में रख सकें। शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती, वह बौद्धिक संघर्ष और आत्मचिंतन से ही विकसित होती है।"

उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपराओं ने कभी नैतिकता को शासन से या ज्ञान को सार्वजनिक जीवन से अलग नहीं माना। धर्म, अर्थ और नीति की हमारी खोज उसी समग्र सभ्यतागत दृष्टि को पुनः समझने का प्रयास है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बौद्ध अध्ययन, हिंदू अध्ययन, पुरातत्व, पारिस्थितिकी, अंतरराष्ट्रीय संबंध, सतत विकास, साहित्य और दर्शन सहित विभिन्न विषयों पर 23 विषयगत शास्त्रार्थ सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

पूर्वपक्ष और उत्तरपक्ष की पारंपरिक संरचना पर आधारित ये सत्र विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों को अनुशासित तर्क, आलोचनात्मक संवाद और सहयोगात्मक चिंतन के लिए प्रेरित करते हैं। ये शास्त्रार्थ प्रमाण, तर्क और शील जैसे मूलभूत सिद्धांतों पर आधारित हैं। दीक्षांत शास्त्रार्थ के अंतर्गत विश्वविद्यालय दो सम्मान भी प्रदान करेगा: 'नालंदा शास्त्रार्थ सम्मान', जो जिज्ञासा और संवाद की भावना को विकसित करने वाले शिक्षकों को दिया जाएगा तथा 'नालंदा शास्त्रार्थ पुरस्कार', जो उत्कृष्ट बौद्धिक विमर्श और वैचारिक उदारता प्रदर्शित करने वाले विद्यार्थियों को प्रदान किया जाएगा। औपचारिक स्नातकोत्सव समारोह 19 मई को आयोजित होगा, जिसमें स्नातक विद्यार्थियों को प्राचीन नालंदा परंपरा की भावना के साथ उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/वीसी

Share:

Leave A Reviews

Related News