
सतना जिले में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को आयोजित टीकाकरण शिविरों में निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। कई ब्लॉकों में उपलब्धि 100 से कम रही, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया। इस पर सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए।
इस कार्रवाई के दायरे में स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। नोटिस पाने वालों में बीएमओ, बीईओ, बीआरसीसी, सीडीपीओ, बीसीएम और बीपीएम जैसे विभिन्न पदों के अधिकारी शामिल हैं।
सोहावल ब्लॉक में सबसे खराब प्रदर्शन सामने आने पर वहां के अधिकारियों पर विशेष सख्ती बरती गई है। कोठी के सीएमओ संजय सिंह को चेतावनी पत्र जारी किया गया है, जबकि सोहावल की बीएमओ डॉ. अलका महोले, बीईओ आयुषी अग्रवाल, बीआरसीसी दिवाकर तिवारी और सीडीपीओ पुनीत शर्मा सहित कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस थमाए गए हैं।
इसके अलावा सतना शहरी क्षेत्र की 10 एएनएम और एपीएम सुधेश शुक्ला को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
सीईओ शैलेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को प्राथमिकता देते हुए लक्ष्य हर हाल में पूरा करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Leave A Reviews