Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

नीट विवाद पर राजनीति करना चाहते हैं राहुल गांधी, पीएम मोदी पर जनता का भरोसा कायम : जयराम ठाकुर


मंडी, 16 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

मंडी, 16 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता का भरोसा आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूरी तरह कायम है।

जयराम ठाकुर ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पहले भी कई बार इस तरह के बयान और आरोप लगाते रहे हैं लेकिन देश की जनता ने उनकी बातों को न तो पहले गंभीरता से लिया और न ही अब ले रही है।

उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी नीट पेपर लीक मामले को लेकर सवाल उठा रहे हैं तो उन्हें यह भी देखना चाहिए कि केंद्र सरकार इस मामले में बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है और जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई में जुटी हैं। इस मामले में शामिल लोगों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए राजस्थान में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार के दौरान पांच वर्षों में 22 पेपर लीक की घटनाएं सामने आई थीं। उस समय राज्य में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत के नेतृत्व में सरकार काम कर रही थी।

उन्होंने सवाल किया कि उन मामलों में कांग्रेस सरकार ने क्या कार्रवाई की थी और दोषियों के खिलाफ कितनी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई थी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में पुलिस भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विवादों का भी जिक्र किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि कुछ समय पहले पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान सीसीटीवी फुटेज नष्ट किए जाने और बड़े पैमाने पर नकल यानी ‘मॉस चीटिंग’ के आरोप लगे थे।

उन्होंने पूछा कि क्या उस मामले में सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखा गया और क्या आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई गई। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने भी गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की थी।

जयराम ठाकुर ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान सामने आए पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने मामले की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई की थी।

उन्होंने बताया कि रात में पेपर लीक की सूचना मिलने के बाद अगले ही दिन परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके साथ ही विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया और तीन दिनों के भीतर मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया। उन्होंने दावा किया कि जांच रिपोर्ट में कुछ पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे और उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई थी।

भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि जिन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई थी, उन्हें वर्तमान सुक्खू सरकार ने दंडित करने के बजाय पदोन्नति देकर पुरस्कृत किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और बताना चाहिए कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह नीट पेपर लीक मामले को उठाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं, उसका कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की जनता कई बार कांग्रेस नेतृत्व को नकार चुकी है और आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त कर रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/पीएम

Share:

Leave A Reviews

Related News