
कैलिफोर्निया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों के बढ़ते स्क्रीन टाइम और देर रात तक एक्टिव रहने की लत पर लगाम कसने के लिए मेटा (Meta) एक क्रांतिकारी बदलाव करने जा रहा है. फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अब बच्चों व टीनएजर्स के लिए 'डिजिटल बेडटाइम' फीचर लागू किया जाएगा. इसके तहत रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक ऐप का एक्सेस पूरी तरह से बंद (ब्लॉक) रहेगा.
सुरक्षा नीतियों और ऐप इंटरफेस में होंगे ये 7 बड़े बदलाव
मेटा नाबालिगों (Minors) की सुरक्षा और उनके स्क्रीन टाइम को नियंत्रित करने के लिए अपनी नीतियों में व्यापक बदलाव कर रहा है:
डिजिटल बेडटाइम: रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक नाबालिग यूजर्स के लिए ऐप का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा.
नोटिफिकेशन पर रोक: रात के समय और स्कूल आवर्स के दौरान सभी तरह की पुश नोटिफिकेशंस बंद रखी जाएंगी.
लाइक और रिएक्शन गायब: टीनएजर्स के पोस्ट से लाइक्स और रिएक्शंस की गिनती को छुपा दिया जाएगा ताकि वे पीयर प्रेशर का शिकार न हों.
बैन होंगे कॉस्मेटिक फिल्टर: ब्यूटी स्टैंडर्ड्स के तनाव को कम करने के लिए कॉस्मेटिक-सर्जरी वाले फिल्टर्स पर पूरी तरह रोक लगेगी.
नॉन-पर्सनलाइज्ड फीड: एल्गोरिदम पर आधारित लत लगाने वाली फीड के बजाय टीनएजर्स को सिंपल (नॉन-पर्सनलाइज्ड) फीड चुनने का विकल्प मिलेगा.
इन्फिनिट-स्क्रॉल में रुकावट: ऐप पर लगातार स्क्रॉल करने की आदत को तोड़ने के लिए बीच-बीच में स्क्रीन पर पॉज अलर्ट आएंगे.
एज-एश्योरेंस व पेरेंटल कंट्रोल: बच्चों की सही उम्र की पहचान करने और माता-पिता की निगरानी (Parental Controls) को और मजबूत बनाया जाएगा.
मेटा का यह कदम अमेरिका में चल रहे एक बड़े कानूनी मामले के बाद सामने आया है. वर्ष 2023 में 47 अमेरिकी राज्यों और यूएस कैपिटल के अटॉर्नी जनरल ने मेटा पर फेडरल कोर्ट में केस किया था. आरोप था कि कंपनी जानबूझकर ऐसे फीचर्स डिजाइन करती थी जिससे बच्चों को इंस्टाग्राम-फेसबुक की लत पड़े और मानसिक-शारीरिक नुकसान हो.
18 अगस्त से शुरू हुए ट्रायल के दौरान मेटा के पूर्व सेफ्टी इंजीनियर आर्टुरो बेजार (Arturo Bejar) की गवाही ने कंपनी को बैकफुट पर धकेल दिया. उन्होंने कोर्ट में खुलासा किया कि मेटा बच्चों की सुरक्षा के बजाय हमेशा एंगेजमेंट, ग्रोथ और रेवेन्यू को प्राथमिकता देता था.
मामले के निपटारे और लीगल सेटलमेंट के तहत मेटा को 12.7 बिलियन डॉलर से लेकर 17.1 बिलियन डॉलर (लगभग 1.6 लाख करोड़ रुपये) तक की भारी भरकम राशि का भुगतान करना पड़ सकता है. हालांकि, 2025 में लगभग 201 बिलियन डॉलर का राजस्व (Revenue) दर्ज करने वाली मेटा के लिए यह राशि वित्तीय रूप से ज्यादा बड़ा झटका नहीं है, लेकिन सेफ्टी इमेज सुधारने के लिए उसे अपनी पॉलिसी बदलनी पड़ रही है. इंडिपेंडेंट ऑडिटर्स अब मेटा के इन सुरक्षा फीचर्स की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे.
Leave A Reviews