Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

ओहायो में ओबामा का भारतीय-अमेरिकी विवेक रामास्वामी पर हमला, कहा-उन्‍हें है अटेंशन पाने की ‘तड़प’


वाशिंगटन, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मिडटर्म चुनाव अभियान की क्लीवलैंड में आयोजित अपनी पहली रैली में भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अटेंशन पाने की ‘तड़प’ है। ओबामा ने कहा कि ओहायो के गवर्नर पद के उम्मीदवार रामास्वामी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी के परिवार को चुनावी विज्ञापन में शामिल करके दिखा दिया है कि वे किसी भी हद तक जा सकते हैं।

वाशिंगटन, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मिडटर्म चुनाव अभियान की क्लीवलैंड में आयोजित अपनी पहली रैली में भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अटेंशन पाने की ‘तड़प’ है। ओबामा ने कहा कि ओहायो के गवर्नर पद के उम्मीदवार रामास्वामी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी के परिवार को चुनावी विज्ञापन में शामिल करके दिखा दिया है कि वे किसी भी हद तक जा सकते हैं।

ओबामा ने कहा, "हम सब ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जो हमेशा ध्यान पाने के लिए बेचैन रहता है। वह हर हाल में सुर्खियों में रहना चाहता है और इसके लिए कुछ भी करने को तैयार रहता है। पिछले कुछ दिनों में हमने देखा है कि ऐसी कोई सीमा नहीं है जिसे वह पार न कर सके।"

उन्होंने कहा, "मुझे समझ नहीं आता कि हमारे राजनीतिक व्यवहार का स्तर इतना नीचे कैसे चला गया है कि कोई इस तरह का विज्ञापन चला सकता है।"

ओबामा क्लीवलैंड पब्लिक ऑडिटोरियम में डेमोक्रेट उम्मीदवार एमी एक्टन के समर्थन में पहुंचे थे, जो गवर्नर पद के लिए रामास्वामी की प्रतिद्वंद्वी हैं। उन्होंने पूर्व सीनेटर शेरोड ब्राउन के समर्थन में भी प्रचार किया, जो अपनी पुरानी सीनेट सीट वापस जीतने की कोशिश कर रहे हैं। अपने लगभग 35 मिनट के भाषण में ओबामा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भी जमकर आलोचना की।

विवादित विज्ञापन पर एमी एक्टन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "मेरे प्रतिद्वंद्वी ने जानबूझकर मेरे बचपन की निजी बातों का इस्तेमाल अपने कमजोर पड़ते चुनाव अभियान को बचाने के लिए किया है, लेकिन यह कामयाब नहीं होगा।"

रामास्वामी के अभियान की प्रवक्ता कोनी लक ने जवाब देते हुए कहा, "ओहायो के लोग ऐसे उदारवादी (लिबरल) गवर्नर का खर्च नहीं उठा सकते जो ओबामा के लिए तो समय निकालें, लेकिन आम लोगों के लिए नहीं।"

इस बीच, एनबीसी न्यूज के अनुसार, रामास्वामी के चुनाव अभियान ने विवाद के बाद उस विज्ञापन को छोटा करके 30 सेकंड का नया संस्करण चलाना शुरू कर दिया है। नए संस्करण में एमी एक्टन की मां के उस विवादित दावे को हटा दिया गया है, जिसमें कहा गया था कि एक्टन ने बचपन में कभी टेंट में नहीं रहीं।

विज्ञापन में डोना आर्थर अपनी बेटी एमी एक्टन को 'झूठी' कहती हैं। वहीं एक्टन का कहना है कि उन्होंने करीब 50 साल से अपनी मां को न देखा है और न ही उनसे कोई बात की है। उन्होंने यह भी बताया कि 1978 में उनके तत्कालीन सौतेले पिता पर बलात्कार का आरोप लगने के बाद उन्हें मां की अभिरक्षा से अलग कर दिया गया था।

इस विवाद के बाद एक्टन के अभियान को आर्थिक समर्थन भी मिला है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इलिनोइस के गवर्नर जेबी प्रिट्ज़कर की पत्नी एमके प्रिट्ज़कर ने एक्टन को 5 लाख डॉलर का दान दिया है।

इस विज्ञापन को लेकर रिपब्लिकन पार्टी के भीतर भी मतभेद सामने आए हैं। ओहायो के गवर्नर माइक डीवाइन, जिन्होंने रामास्वामी का समर्थन किया है, ने विज्ञापन को 'बेहद परेशान करने वाला' बताया। वहीं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रिपब्लिकन नेताओं से 'शिकायत करना बंद करने' को कहा। दूसरी ओर, राष्ट्रपति ट्रंप ने इस विज्ञापन को 'बहुत प्रभावशाली' बताया।

राजनीतिक विश्लेषण संस्था कुक पॉलिटिकल रिपोर्ट ने शुक्रवार को इस चुनावी मुकाबले को 'टॉस-अप' से बदलकर 'लीन डेमोक्रेटिक' श्रेणी में रखा। सबाटो्स क्रिस्टल बॉल ने भी इसे डेमोक्रेट्स के पक्ष में झुकता हुआ मुकाबला माना है।

41 वर्षीय विवेक रामास्वामी एक बायोटेक उद्यमी हैं और उनका जन्म तथा पालन-पोषण ओहायो में हुआ है। उन्हें ट्रंप का समर्थन प्राप्त है। वहीं 60 वर्षीय एमी एक्टन पेशे से डॉक्टर हैं और ओहायो की स्वास्थ्य निदेशक के रूप में कोविड-19 महामारी के दौरान राज्य की प्रतिक्रिया का नेतृत्व कर चुकी हैं।

ट्रंप अगले सप्ताह ओहायो के चिलिकोथे में एक कार्यक्रम के लिए फिर आने वाले हैं। यदि एमी एक्टन चुनाव जीतती हैं तो वह पिछले 20 वर्षों में ओहायो की पहली डेमोक्रेटिक गवर्नर बनेंगी। ओहायो में मतदान तीन नवंबर को होगा।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम

Date & Time : 2026-10-25 11:50:05

Share:

Leave A Reviews

Related News