तिरुवनंतपुरम, 14 जुलाई (आईएएनएस)। केरल के लिए मंगलवार की शाम एक और गौरवपूर्ण पल आने वाला है, जब नासा के अंतरिक्ष यात्री डॉ. अनिल मेनन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए सोयूज एमएस-29 अंतरिक्ष यान से रवाना होंगे। डॉ. अनिल मेनन का पारिवारिक संबंध केरल के पलक्कड़ जिले के ओट्टापालम से है।
![]()
तिरुवनंतपुरम, 14 जुलाई (आईएएनएस)। केरल के लिए मंगलवार की शाम एक और गौरवपूर्ण पल आने वाला है, जब नासा के अंतरिक्ष यात्री डॉ. अनिल मेनन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए सोयूज एमएस-29 अंतरिक्ष यान से रवाना होंगे। डॉ. अनिल मेनन का पारिवारिक संबंध केरल के पलक्कड़ जिले के ओट्टापालम से है।
यह प्रक्षेपण भारतीय समयानुसार रात 8:17 बजे कजाकिस्तान स्थित बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से निर्धारित है। इसके साथ ही आठ महीने लंबे मिशन की शुरुआत होगी, जो अगले साल अप्रैल में चालक दल की पृथ्वी पर वापसी के साथ समाप्त होगा।
डॉ. अनिल मेनन, ओट्टापालम के शंकरन मेनन और यूक्रेन की एलिजाबेथ समोयलेंको के बेटे हैं। उन्होंने अंतरिक्ष यात्री बनने से पहले डॉक्टर, मैकेनिकल इंजीनियर, अमेरिकी अंतरिक्ष बल के फ्लाइट सर्जन और पायलट के रूप में अपने हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके बाद उन्होंने नासा के अंतरिक्ष यात्री दल में अपनी जगह बनाई।
उनकी पहली अंतरिक्ष यात्रा लंबे समय तक मानव अंतरिक्ष अभियानों के दौरान आने वाली चिकित्सकीय चुनौतियों पर शोध में अहम भूमिका निभाएगी। इस शोध से मिलने वाली जानकारियां पृथ्वी की निचली कक्षा (लो अर्थ ऑर्बिट) से आगे भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों को आकार देने में मदद करेंगी।
डॉ. मेनन रूसी कॉस्मोनॉट्स प्योत्र दुब्रोव और अन्ना किकिना के साथ यात्रा करेंगे। तीनों अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर कई वैज्ञानिक प्रयोगों को अंजाम देंगे।
प्रक्षेपण से कुछ घंटे पहले डॉ. अनिल मेनन ने इंस्टाग्राम पर अपना उत्साह साझा किया। उन्होंने कहा कि वह इस मिशन के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने नासा, अपने परिवार और दोस्तों का उनके लगातार सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया।
पलक्कड़ के लोगों के लिए डॉ. अनिल मेनन की यह उपलब्धि गर्व का विषय है। उनकी अंतरिक्ष यात्रा जिले की उस गौरवशाली विरासत में एक और अध्याय जोड़ती है, जिसने भारत और दुनिया को कई प्रतिष्ठित हस्तियां दी हैं।
यह जिला राजनीति, संस्कृति और सार्वजनिक जीवन की कई महान हस्तियों का घर रहा है। इनमें दिग्गज अभिनेता, राजनेता और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.जी. रामचंद्रन, राजनयिक, लेखक और सांसद शशि थरूर (जिनके परिवार की जड़ें पलक्कड़ से जुड़ी हैं) तथा कथकली के महान कलाकारों में शामिल और केरल कलामंडलम के पूर्व प्राचार्य कलामंडलम रामनकुट्टी नायर जैसी हस्तियां शामिल हैं।
भारतीय वायु सेना के एयर कमोडोर और फ्लाइट इंस्ट्रक्टर तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के गगनयात्री (अंतरिक्ष यात्री) प्रशांत बालकृष्णन नायर भी पलक्कड़ जिले से ही हैं।
डॉ. अनिल मेनन के अंतरिक्ष के लिए रवाना होने के साथ ही पलक्कड़ ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। प्रतिभाशाली लोगों को देश और दुनिया को देने की जिले की गौरवशाली परंपरा में यह एक नया अध्याय जुड़ गया है। इस बार पलक्कड़ का नाम सचमुच आसमान से भी आगे पहुंच गया है।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी
Leave A Reviews