Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

पलामू के मेडिकल कॉलेज परिसर में नवजात का शव मुंह में लेकर घूमता दिखा कुत्ता, जांच का आदेश


पलामू, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का शव अपने मुंह में दबाकर घूमता हुआ दिखाई दिया। इस अमानवीय और हृदयविदारक दृश्य को देखकर अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजनों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

पलामू, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का शव अपने मुंह में दबाकर घूमता हुआ दिखाई दिया। इस अमानवीय और हृदयविदारक दृश्य को देखकर अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजनों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद डीसी और एसपी ने खुद मौके पर पहुंचकर अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह 10 बजे जब इलाज कराने पहुंचे एक युवक की नजर नवजात का शव लेकर घूम रहे कुत्ते पर पड़ी, तो उसने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन और अस्पताल पुलिस चौकी को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात का शव अस्पताल परिसर के भीतर से आया था या किसी ने उसे बाहर से लाकर वहां छोड़ दिया था। यह भी पता नहीं चल सका है कि कुत्ता शव को कहां से लेकर आया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू के उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने तुरंत एक्शन लेते हुए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान शीर्ष अधिकारियों ने अस्पताल के कर्मचारियों से लंबी पूछताछ की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिला प्रशासन ने घटना की तह तक जाने और नवजात के संबंध में सटीक जानकारी जुटाने के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया है।

प्रशासन की टीम अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को किसने और किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा था। इसके साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और लापरवाही या संलिप्तता पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

Date & Time : 2026-10-27 16:45:02

Share:

Leave A Reviews

Related News