Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

फडणवीस केंद्र में नहीं जाएंगे, मुख्यमंत्री के रूप में ही काम करेंगे : छगन भुजबल


मुंबई, 18 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा की नई टीम, वंदे मातरम विवाद और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली दौरे पर जारी चर्चाओं के बीच मंत्री पंकजा मुंडे और मंत्री छगन भुजबल ने प्रतिक्रिया दी। पंकजा मुंडे ने भाजपा की नई टीम में महिलाओं को महत्वपूर्ण स्थान दिए जाने की सराहना की, जबकि छगन भुजबल ने फडणवीस के दिल्ली दौरे के बाद की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद छोड़कर केंद्र में जाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है।

मुंबई, 18 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा की नई टीम, वंदे मातरम विवाद और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली दौरे पर जारी चर्चाओं के बीच मंत्री पंकजा मुंडे और मंत्री छगन भुजबल ने प्रतिक्रिया दी। पंकजा मुंडे ने भाजपा की नई टीम में महिलाओं को महत्वपूर्ण स्थान दिए जाने की सराहना की, जबकि छगन भुजबल ने फडणवीस के दिल्ली दौरे के बाद की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद छोड़कर केंद्र में जाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है।

भाजपा की नई टीम में महिलाओं को स्थान दिए जाने पर पंकजा मुंडे ने पार्टी नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को केवल संख्या के लिहाज से ही नहीं, बल्कि उनकी योग्यता के आधार पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देती रही है। प्रधानमंत्री मोदी के पहले मंत्रिपरिषद में सुषमा स्वराज, स्मृति ईरानी समेत कई महिलाओं को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया था। भाजपा की मौजूदा टीम में भी महिलाओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं। भाजपा द्वारा महिलाओं को संगठन में महत्वपूर्ण स्थान देना कोई आश्चर्य की बात नहीं है। पार्टी हमेशा इसी तरह के निर्णय लेती रही है।

'वंदे मातरम' पर जारी विवाद को लेकर मुंडे ने कहा कि उन्होंने इससे संबंधित खबरों को विस्तार से नहीं देखा है, इसलिए वह किसी व्यक्ति या बयान पर टिप्पणी नहीं करना चाहतीं। हालांकि, वंदे मातरम के महत्व को लेकर उन्होंने कहा कि यह देश की वंदना है और भारत के गौरव से जुड़ा है। वंदे मातरम जितना गाया जाए, उतना ही बेहतर है और इसके सम्मान में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।

महाराष्ट्र में पालक मंत्री की नियुक्ति को लेकर छगन भुजबल ने कहा कि महायुति के बाहर किसी व्यक्ति को मंत्री नहीं बनाया गया है। जिन नेताओं को मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है, वे महायुति के घटक दलों से हैं और सभी मिलकर सरकार चलाने का काम कर रहे हैं। उन्हें मंत्री की नियुक्ति को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है। इसमें पार्टी को फायदा या नुकसान का सवाल नहीं होना चाहिए। यह पद किसी राजनीतिक लाभ-हानि के लिए नहीं बनाया जाता।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली दौरे और प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद उनके केंद्र की राजनीति में जाने की अटकलों पर भुजबल ने कहा कि फडणवीस कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि वह मुख्यमंत्री के रूप में ही काम करते रहेंगे। मीडिया में इस बात को लेकर चर्चा चल रही है कि फडणवीस दिल्ली जाएंगे या नहीं जाएंगे, लेकिन उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है।

इस मामले पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के बयान पर छगन भुजबल ने तंज भरे लहजे में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष का कोई नेता मुख्यमंत्री फडणवीस के बारे में इतनी अच्छी बात कह रहा है तो यह उनके लिए गर्व की बात है।

पुणे में सड़क पर गड्ढे के कारण हुई मौत के मामले में छगन भुजबल ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत के दौरान नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियों और ठेकेदारों की होती है। उन्होंने नाशिक की सड़कों और वहां मौजूद गड्ढों का जिक्र करते हुए कहा कि अलग-अलग जिलों के गड्ढों की तुलना नहीं की जानी चाहिए। जहां बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां काम के दौरान कुछ असुविधाएं हो सकती हैं, लेकिन इससे लोगों की जान जोखिम में नहीं पड़नी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण या अन्य काम के दौरान दुर्घटनाएं होती हैं और लोगों की मौत होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित काम करने वाली एजेंसियों की होनी चाहिए। इसमें नगर निगम, संबंधित प्राधिकरण, अधिकारी और ठेकेदार सभी की जवाबदेही तय होनी चाहिए। यदि सड़क के एक हिस्से में काम चल रहा है तो दूसरी तरफ वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क पूरी तरह सुरक्षित और सुगम होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ठेकेदार की जिम्मेदारी है कि जिस तरफ काम नहीं हो रहा है, उस तरफ की सड़क को अच्छी स्थिति में रखा जाए, ताकि वाहन आसानी और सुरक्षित तरीके से निकल सकें। सड़क के गड्ढों को भरना भी वैज्ञानिक तरीके से किया जाना चाहिए। केवल गड्ढे में सामग्री डाल देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सड़क की गुणवत्ता और मजबूती सुनिश्चित करना जरूरी है।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

Share:

Leave A Reviews

Related News