Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

फरीदाबाद : पार्किंग विवाद में पड़ोसी की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार


फरीदाबाद, 7 नवंबर (आईएएनएस)। फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद अपने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना शुक्रवार को धनतेरस के दिन हुई थी।

फरीदाबाद, 7 नवंबर (आईएएनएस)। फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद अपने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना शुक्रवार को धनतेरस के दिन हुई थी।

मृतक की पहचान परमजीत ढांकर के रूप में हुई है। वह परिवार में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घटना से दो दिन पहले ही सिंगापुर से लौटे थे।

पुलिस के अनुसार, पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने अपने लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग की। उसने करीब 15 से 16 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं और उनकी मौत हो गई। मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी मकान संख्या 641 की दूसरी मंजिल पर रहता था, जबकि परमजीत अपने परिवार के साथ भूतल पर रहते थे।

पुलिस के मुताबिक, परमजीत के बेटे शौर्य ने अपनी शिकायत में बताया कि 6 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे पड़ोसी मोहन शर्मा ने घर की घंटी बजाई और उनके पिता को बुलाकर वाहन हटाने के लिए कहा।

शौर्य भी अपने पिता के साथ नीचे गया। आरोप है कि नीचे आने के बाद मोहन शर्मा और परमजीत के बीच बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़ती गई।

विवाद के दौरान आरोपी ने पिस्तौल निकालकर परमजीत पर कई गोलियां चला दीं। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता शौर्य पर भी फायरिंग की, लेकिन शौर्य खड़ी गाड़ियों के पीछे छिपकर बच गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार से मौके से फरार हो गया। बाद में परमजीत ने गोली लगने से दम तोड़ दिया। शिकायत के आधार पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीमों को आरोपी की तलाश के निर्देश दिए गए थे।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को मोहन उर्फ मोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। जांचकर्ताओं के अनुसार, मोहन और परमजीत के बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।

पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच काफी समय से तनाव चल रहा था। अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी की घटना से करीब पांच दिन पहले आरोपी ने परमजीत के बेटे के साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।

पुलिस ने कहा कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे विस्तार से पूछताछ की जा सके और मामले से जुड़े सबूत जुटाए जा सकें।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Date & Time : 2026-11-07 23:55:02

Share:

Leave A Reviews

Related News