गांधीनगर, 17 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुजरात के वडनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान में भाग लिया और दिव्यांग बच्चों के साथ मिलकर 76 पौधे लगाए।
![]()
गांधीनगर, 17 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुजरात के वडनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान में भाग लिया और दिव्यांग बच्चों के साथ मिलकर 76 पौधे लगाए।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थान वडनगर स्थित रेलवे स्टेशन पर यह स्वच्छता अभियान 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित किया गया। यह अभियान पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल द्वारा चलाए जा रहे 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान का हिस्सा है।
अमित शाह ने झाड़ू लगाकर रेलवे स्टेशन परिसर की सफाई की और स्वच्छता गतिविधि में शामिल होकर साफ-सुथरे रेलवे परिसरों का संदेश दिया।
इस मौके पर मेहसाणा के सांसद हरि पटेल, अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश तथा बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे और वे अभियान में शामिल भी हुए।
देशभर में 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान 17 सितंबर से शुरू हुआ है, जो 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलेगा।
अहमदाबाद मंडल में इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, आवासीय परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और आम लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
'स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता' कार्यक्रम के तहत स्वच्छता शपथ, ठोस कचरा प्रबंधन तथा कचरे के सही पृथक्करण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
इसके अलावा, रेलवे के अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र, बायो-टॉयलेट प्लांट और कोच वॉशिंग लाइन का भ्रमण, नुक्कड़ नाटक, कला प्रतियोगिताएं तथा वस्तुओं के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 19 और 20 सितंबर को रेलवे स्टेशनों, यार्ड, रेलवे कॉलोनियों और रेलवे ट्रैक के आसपास चिन्हित कचरा-संवेदनशील स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
सफाई के बाद इन स्थानों को सुंदर बनाकर 'स्वच्छता सेल्फी प्वाइंट' के रूप में विकसित किया जाएगा। अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की भागीदारी भी बढ़ाई जाएगी।
वडनगर स्टेशन पर अमित शाह ने 76 दिव्यांग बच्चों के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समावेशन की भावना के तहत बच्चों ने 76 पौधे लगाए।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह और सांसद हरि पटेल ने भी पौधारोपण किया।
डीआरएम वेद प्रकाश ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर लगाए गए 76 पौधे पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य और समाज में समान भागीदारी के संकल्प का प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों की भागीदारी यह संदेश देती है कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में समाज के हर वर्ग की समान और महत्वपूर्ण भूमिका है।
यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पिछले वर्ष शुरू की गई पहल का भी विस्तार है। 17 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वडनगर स्टेशन पर 75 पौधे लगाए गए थे।
अहमदाबाद मंडल ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान इन पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की गई। अब ये पौधे स्वस्थ और हरे-भरे पेड़ों का रूप ले चुके हैं तथा इनमें फूल और फल भी आने लगे हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 'पौधारोपण से संरक्षण तक' की यह पहल रेलवे परिसरों में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने, यात्रियों और आम लोगों में जागरूकता फैलाने तथा रेलवे परिसरों को अधिक स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
Leave A Reviews