
शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अचरौनी में झोलाछाप चिकित्सक की कथित लापरवाही से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और क्लीनिक पर ही वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
जानकारी के अनुसार, अचरौनी निवासी 21 वर्षीय गुनगुन पत्नी तेज सिंह चार माह की गर्भवती थी। पिछले दो दिनों से बुखार होने पर परिजन उसे गांव में ही इलाज के लिए झोलाछाप अपूर्व मजूमदार के पास लेकर गए थे।
परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप ने महिला को एक हाथ और कमर में इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद उसके शरीर में तेज जलन शुरू हो गई और वह क्लीनिक में ही बेहोश होकर गिर गई।
घबराए परिजन महिला को तत्काल खनियाधाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। खनियाधाना थाना प्रभारी के अनुसार, मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच के आधार पर आगे एफआईआर दर्ज की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांवों में अवैध रूप से चल रही ऐसी क्लीनिकें लोगों की जान के लिए खतरा बन रही हैं।
Leave A Reviews