Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बटाला में भाजपा नेता रवनीत बिट्टू के काफिले पर अंडे-टमाटर से हमला, 3 आरोपी पकड़े गए


पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के शुभारंभ से ठीक पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर सुनियोजित हमले का मामला सामने आया है। यह घटना अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बटाला के निकट घसीतपुर इलाके में हुई, जहां उपद्रवियों की भीड़ ने बिट्टू के 8 से 9 वाहनों के काफिले को घेरकर अंडे, टमाटर और पत्थर बरसाए। इस हमले में सुरक्षा दस्ते (एस्कॉर्ट) के दो वाहनों के शीशे टूट गए और जैमर वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

पठानकोट जाते समय हुआ पथराव, 3 आरोपी पकड़े गए

रवनीत सिंह बिट्टू भाजपा की नशा विरोधी मुहिम में शामिल होने पठानकोट जा रहे थे। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री एवं पंजाब भाजपा के सह-प्रभारी नितिन नबीन सहित कई प्रमुख नेता शामिल थे। घसीतपुर के पास 'बाबे दा वियाह' उत्सव स्थल के समीप भीड़ ने रास्ता रोक दिया। बिट्टू ने आरोप लगाया कि भीड़ में मौजूद कुछ उपद्रवियों के पास हथियार भी थे और उनका सीधा मकसद उन्हें यात्रा में जाने से रोकना था। सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए हमला करने वाले 3 प्रदर्शनकारियों को मौके पर ही दबोच लिया।

आप पर लगाए आरोप, गृह मंत्रालय को दी सूचना

बिट्टू के कार्यालय ने दावा किया कि पकड़े गए आरोपी सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े हैं। घटना के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को फोन पर पूरी स्थिति से अवगत कराया। बिट्टू ने दो टूक कहा, "यदि मुझे या मेरे साथियों को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब पुलिस प्रशासन की होगी।"

दूसरी ओर, आप नेता जोबन रंधावा ने आरोपों को खारिज करते हुए वीडियो जारी कर कहा कि पार्टी कार्यकर्ता केवल शांतिपूर्ण विरोध दर्ज करा रहे थे और विवाद बिट्टू के समर्थकों की ओर से शुरू किया गया।

सुनील जाखड़ ने कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज सुबह ही अमृतसर में नाइट पेट्रोलिंग के दौरान एक एएसआई (ASI) की बदमाशों ने हत्या कर दी। जाखड़ ने कहा कि रवनीत बिट्टू पर हमला राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है और राज्य के माहौल को जानबूझकर अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है।

Date & Time : 2026-09-18 10:06:49

Share:

Leave A Reviews

Related News