
नई दिल्ली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार, 25 जुलाई को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए देश भर में चल रहे छात्र आंदोलनों का समर्थन किया। उन्होंने दो टूक कहा कि छात्रों की मांगें एकदम जायज हैं और उन पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ भारी बर्बरता की गई है। पुलिस की कार्रवाई में हजारों छात्र घायल हुए हैं और कई को पैलेट गन के छर्रे तक लगे हैं। उन्होंने मांग की कि इस दमनकारी कार्रवाई के पीछे शामिल सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के कर्ता-धर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ देश के युवा और छात्र सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने में व्यस्त हैं।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से एक वीडियो भी साझा किया गया था। इस वीडियो में नीट पेपर लीक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार को घेरा गया है। कांग्रेस ने संदेश दिया है कि पार्टी छात्रों के अधिकारों के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी।
Leave A Reviews