नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के उनके समकक्ष बालेन्द्र शाह सोमवार को अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे।

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के उनके समकक्ष बालेन्द्र शाह सोमवार को अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या में होंगे।
यह रेल सेवा उत्तर प्रदेश की अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम को सीधे जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। दोनों शहरों का रामायण परंपरा में विशेष स्थान है। जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है, जबकि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में विश्वभर में श्रद्धा का केंद्र है। ऐसे में यह रेल संपर्क केवल दो शहरों के बीच आवागमन का साधन नहीं, बल्कि दोनों देशों की साझा धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाला माध्यम भी बनेगा।
करीब 604 किलोमीटर लंबी यह रेल सेवा बिहार और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहरों से होकर गुजरेगी। ट्रेन के व्यावसायिक ठहराव जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर में होंगे। इसके अलावा अयोध्या धाम और दोनों अंतिम स्टेशन भी इसके मार्ग में शामिल होंगे।
यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। इसका परिचालन शनिवार को जनकपुर धाम से और सोमवार को अयोध्या कैंट से होगा।
नई रेल सेवा से भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी। खास तौर पर अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही दोनों देशों के नागरिकों को शिक्षा, कारोबार, पारिवारिक और अन्य जरूरतों के लिए यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
इस रेल संपर्क का लाभ केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा। मार्ग में पड़ने वाले शहरों और कस्बों में पर्यटन, होटल, परिवहन, स्थानीय कारोबार और पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़े लोगों के लिए भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं। बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों के बीच सामाजिक और आर्थिक संपर्क को भी इससे बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
भारत और नेपाल के संबंधों की बुनियाद साझा इतिहास, धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और लोगों के आपसी जुड़ाव में रही है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा और पारिवारिक-सामाजिक रिश्ते इस साझेदारी को विशिष्ट बनाते हैं। अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा इसी ऐतिहासिक जुड़ाव को आधुनिक परिवहन सुविधा से जोड़ने की एक अहम पहल है।
इससे रामायण सर्किट को भी नई गति मिलने की संभावना है। अयोध्या से जनकपुर तक रेल संपर्क बनने से श्रद्धालुओं के लिए राम और सीता से जुड़े स्थलों की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी। यह पहल भारत-नेपाल संबंधों में धार्मिक पर्यटन और जनसंपर्क को सहयोग के एक महत्वपूर्ण आयाम के रूप में आगे बढ़ा सकती है।
--आईएएनएस
केआर/
Leave A Reviews