
इंदौर। मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को सुगम बनाने के लिए रैपिडो और एमपी परिवहन विभाग ने हाथ मिलाया है। इंदौर में आयोजित ‘यात्री परिवहन विजन समिट 2026’ में दोनों पक्षों ने एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में फर्स्ट और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। यह साझेदारी मप्र यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड (MPYPIL) के साथ मिलकर आगे बढ़ेगी। इससे दैनिक यात्रियों को सीधे लाभ मिलेगा।
इस सहयोग का मुख्य लक्ष्य बाइक टैक्सियों को बस और मेट्रो नेटवर्क की पूरक सेवा के रूप में विकसित करना है। यात्री अब आसानी से नजदीकी बस स्टॉप, बस स्टैंड और मेट्रो स्टेशन तक पहुंच सकेंगे।
रैपिडो ऐप पर प्रमुख सार्वजनिक परिवहन केंद्रों की जानकारी और लोकेशन को भी एकीकृत किया जाएगा। इससे यात्री अपने आसपास के बस व मेट्रो स्टॉप को तुरंत देख सकेंगे। इसके साथ ही वे बिना किसी परेशानी के वहां तक के लिए राइड बुक कर सकेंगे।
इस साझेदारी में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत 'रैपिडो पिंक' सेवा की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। यह सेवा महिलाओं द्वारा महिलाओं के लिए संचालित बाइक टैक्सी नेटवर्क पर आधारित होगी।
रैपिडो के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर पवनदीप सिंह ने कहा कि यह कदम तकनीकी नवाचार के साथ सार्वजनिक परिवहन को हर वर्ग के लिए सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक बनाएगा।
Leave A Reviews