Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड मामले में सीबीआई ने दाखिल की सप्लीमेंट्री चार्जशीट, 17 आरोपी शामिल


मुंबई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को मुंबई में सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश के समक्ष रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) मामले में पहली सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है।

मुंबई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को मुंबई में सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश के समक्ष रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) मामले में पहली सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है।

सोमवार को सीबीआई ने बताया कि यह चार्जशीट 17 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की गई है, जिनमें रिलायंस एडीए ग्रुप के तीन अधिकारी - अमिताभ झुनझुनवाला (ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर, रिलायंस एडीए ग्रुप), अमित बापना (सीएफओ, आरसीएल) और रमेश शेनॉय (कंपनी सेक्रेटरी, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड) शामिल हैं। इसके साथ ही आठ कंपनियां - रिलायंस पावर लिमिटेड, बिग फ्लिक्स प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड, कुंजबिहारी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस वेंचर एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क लिमिटेड और रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड और बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक से जुड़े छह बैंक अधिकारी भी शामिल हैं।

आरोपियों पर आईपीसी के तहत आपराधिक साजिश, आपराधिक गबन और धोखाधड़ी के अपराधों के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत अपराधों के लिए आरोप लगाए गए हैं।

अब तक की जांच से पता चला है कि रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड द्वारा लिए गए कर्ज की रकम को बिचौलियों और माध्यम कंपनियों के जरिए रिलायंस एडीए ग्रुप की विभिन्न कंपनियों में डायवर्ट किया गया। ऐसा कर्ज लेने की शर्तों और नियमों का उल्लंघन करके किया गया, जिससे कर्ज देने वाले बैंकों और वित्तीय संस्थानों को गलत तरीके से नुकसान हुआ और आरोपियों तथा संबंधित कंपनियों को गलत तरीके से फायदा पहुंचा।

सीबीआई ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र और कंसोर्टियम (संघ) के अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से मिली शिकायतों के आधार पर यह मामला दर्ज किया था। सभी बैंकों, वित्तीय संस्थानों और अन्य कर्जदाताओं को हुआ कुल नुकसान लगभग 9,280 करोड़ रुपए है। इस मामले में पहली चार्जशीट 7 जुलाई 2026 को सात आरोपियों के खिलाफ दाखिल की गई थी।

मौजूदा सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल होने के साथ इस मामले में अब तक कुल 24 आरोपियों (व्यक्तियों और कंपनियों सहित) के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वहीं, आरोपियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

जानकारी के लिए सीबीआई, बीएसएफबी, दिल्ली ने कई पब्लिक सेक्टर बैंकों, एलआईसी और ईपीएफओ ​​से मिली शिकायतों के आधार पर रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम), रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल), रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल), रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड (आरटीएल) और रिलायंस एडीए ग्रुप की दूसरी कंपनियों के खिलाफ आठ एफआईआर दर्ज की हैं।

सीबीआई ने पहले रिलायंस एडीए ग्रुप के मामलों में पांच चार्जशीट दाखिल की थीं। यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट इन मामलों में दाखिल छठी चार्जशीट है। सीबीआई ने अब तक रिलायंस एडीए ग्रुप के मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, इन मामलों की जांच की निगरानी सुप्रीम कोर्ट कर रहा है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी

Date & Time : 2026-09-07 20:20:03

Share:

Leave A Reviews

Related News