
सिवनी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आ रही है। यहाँ जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। कुरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत पचधार हाईवे के पास मजदूरों से भरा एक ओवरलोड 'तूफान' वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। इस भीषण भिड़ंत में एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
क्षमता से अधिक वाहन में सवार थे 29 लोग
पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मंडला और डिंडोरी जिलों के ग्रामीण इलाकों से मजदूर रोजगार की तलाश में एक 'तूफान' वाहन में सवार होकर केरल जा रहे थे। यह वाहन पूरी तरह से ओवरलोड था और इसमें क्षमता से कहीं अधिक कुल 29 लोग ठसाठस भरे हुए थे। सफर करने वालों में 12 पुरुष, 12 महिलाएं और 5 मासूम बच्चे शामिल थे।
प्रारंभिक जांच और चश्मदीदों के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे चालक को नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण तेज रफ्तार वाहन पर से उसका नियंत्रण पूरी तरह बिगड़ गया। नियंत्रण खोने के बाद गाड़ी दूसरी लेन को पार करते हुए सीधे सड़क किनारे बने एक रिहायशी मकान की दीवार तोड़कर अंदर घुस गई। इस हादसा में मकान की दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत यह रही कि घर के अंदर सो रहे लोग सुरक्षित बच गए।
10 से 12 घायल अस्पताल में भर्ती, कुछ नागपुर रेफर
सुबह-सुबह हुए इस भीषण धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर दौड़े। घटना की सूचना मिलते ही कुरई थाना पुलिस, एफआरवी-06 खवासा टीम और 108 एंबुलेंस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुँच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया।
इस हादसा के लगभग 10 से 12 घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरई में भर्ती कराया गया है। वहीं, कुछ मजदूरों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत नागपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
बरघाट के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) ललित गठरे ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। इसके अलावा जिला अस्पताल में भर्ती दो अन्य घायलों की हालत अभी भी अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जो डॉक्टरों की सतत निगरानी में हैं। कुरई थाना पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Leave A Reviews