नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले को लेकर क्राइम ब्रांच अलर्ट मोड पर है और तेजी से जांच में जुटी हुई है। फायरिंग केस में आए दिन नई जानकारी सामने आ रही है।
![]()
नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले को लेकर क्राइम ब्रांच अलर्ट मोड पर है और तेजी से जांच में जुटी हुई है। फायरिंग केस में आए दिन नई जानकारी सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार, फायरिंग की प्लानिंग राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की तिहाड़ जेल और मुंबई की आर्थर रोड जेल से की गई थी।
मुंबई क्राइम ब्रांच की पूछताछ में हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार आरोपियों ने यह चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, फायरिंग की मुख्य जिम्मेदारी आगरा मॉड्यूल को दी गई थी। इस मॉड्यूल में शूटर दीपक चंद्रा भी शामिल था।
पूरी साजिश का कोऑर्डिनेशन तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस गैंग के सदस्य गोलू पंडित ने किया। गोलू पंडित और आरोपी शुभम लोनकर पहले से एक-दूसरे को जानते थे। शुभम ने गोलू से नए शूटर्स भर्ती करने को कहा। इसके बाद गोलू ने विष्णु कुशवाहा से संपर्क किया और विष्णु ने दीपक चंद्रा समेत अन्य लोगों को इस अपराध के लिए तैयार किया।
शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई ने बाद में दीपक और उसके साथियों से सीधे संपर्क किया और उन्हें भारी रकम देने का लालच दिया। फायरिंग के कुछ दिन पहले ही गोलू पंडित तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा हो गया था। मुंबई पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की योजना बना रही है।
दूसरी ओर, फायरिंग में इस्तेमाल गाड़ी और हथियार मुहैया कराने की जिम्मेदारी पुणे मॉड्यूल को सौंपी गई थी। इस मॉड्यूल को शुभम लोनकर के भाई प्रवीण लोनकर ने कोऑर्डिनेट किया। प्रवीण लोनकर वर्तमान में मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद है। उस पर एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का भी आरोप है। मुंबई पुलिस अब रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में प्रवीण लोनकर को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों जेलों से ही अपराधियों के बीच फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क बनाए रखा गया। मुंबई क्राइम ब्रांच अब गोलू पंडित और अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर रही है।
--आईएएनएस
एमटी/एबीएम
Leave A Reviews