Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

रोमेलु लुकाकू ने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल करियर को अलविदा कहा, बेल्जियम के लिए दागे सर्वाधिक गोल


नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। बेल्जियम के फॉरवर्ड रोमेलु लुकाकू ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है, जिसके साथ बेल्जियम के लिए सर्वाधिक गोल दागने वाले लुकाकू का 16 साल लंबा करियर समाप्त हो गया।

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। बेल्जियम के फॉरवर्ड रोमेलु लुकाकू ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है, जिसके साथ बेल्जियम के लिए सर्वाधिक गोल दागने वाले लुकाकू का 16 साल लंबा करियर समाप्त हो गया।

लुकाकू ने 'रेड डेविल्स' (बेल्जियम टीम) के लिए अपना 135वां और आखिरी मैच अक्टूबर में फ्रांस के खिलाफ खेला था, जिसमें टीम को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपने देश के लिए सर्वाधिक 94 गोल किए हैं। इस मामले में केविन डी ब्रुइन (41 गोल) उनके बाद दूसरे पायदान पर हैं।

वैश्विक स्तर पर सर्वाधिक गोल करने वाले फुटबॉल खिलाड़ियों की लिस्ट में पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (146), अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (126), ईरान के अली दाई (108) और भारत के सुनील छेत्री (95) ने उनसे ज्यादा गोल किए हैं।

तुर्की के क्लब फेनरबाश के लिए खेलने वाले लुकाकू ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए संन्यास की घोषणा की। लुकाकू ने लिखा, "मैंने इन 16 वर्षों में राष्ट्रीय टीम के लिए अपना सब कुछ दे दिया। मैंने हर तरह की भावनाओं को महसूस किया। मुझे बेहतरीन साथी मिले, जिनका हमेशा आभारी रहूंगा। मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं सभी कोचों का भी शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मुझे प्रेरित किया और मुझ पर भरोसा जताया ताकि मैं टीम की मदद कर सकूं। यह एक शानदार सफर रहा और मैंने हर पल का आनंद लिया।"

उन्होंने कहा, "बेल्जियम के फैंस को धन्यवाद, आपने हमारी टीम को जो समर्थन दिया, उसके लिए शुक्रिया। मुझे गर्व है कि मैंने चार विश्व कप और तीन यूरोपीय चैंपियनशिप में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। मैं उन पलों को कभी नहीं भूलूंगा। मैं अपने इस फैसले से पूरी तरह संतुष्ट हूं। यह सफर अद्भुत और आनंददायक रहा, मैं इसके लिए आभारी हूं। धन्यवाद।"

वहीं, बेल्जियम फुटबॉल एसोसिएशन ने लुकाकू की तारीफ में कहा, "अपने व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और राष्ट्रीय टीम के साथ गहरे जुड़ाव के कारण, उन्होंने बेल्जियम की 'रेड डेविल्स' टीम के इतिहास में एक खास जगह बनाई है। सिर्फ 16 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत करने से लेकर सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खेलने तक का उनका सफर, अनगिनत युवा फुटबॉलर्स और बच्चों के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत है, जो एक दिन बेल्जियम की जर्सी पहनने का सपना देखते हैं।"

हाल ही में रविवार को नेशंस लीग में इटली के खिलाफ बेल्जियम की 4-1 की शानदार जीत के दौरान रोमेलु लुकाकू टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन उन्हें मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला। लुकाकू, केविन डी ब्रुइन, थिबॉट कोर्टुआ और ईडन हेजार्ड जैसे खिलाड़ियों के साथ बेल्जियम की चर्चित 'गोल्डन फुटबॉल जनरेशन' का हिस्सा रहे हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी

Date & Time : 2026-11-16 18:20:05

Share:

Leave A Reviews

Related News