Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

सागर : लिव-इन पार्टनर के घर किचन में मिला महिला का खून से लथपथ शव, पति ने लगाया हत्या का आरोप


सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के दीनदयाल नगर में रहने वाली 35 वर्षीय महिला, सोनाली पटेल का शव उसके किराए के मकान के किचन में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतका पिछले करीब डेढ़ साल से अपने पति को छोड़कर अपने ही रिश्ते के भांजा दामाद के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है।

किचन में खून से लथपथ मिला शव, पैर और सिर पर चोट के निशान मकरोनिया थाना पुलिस के अनुसार, शनिवार रात मृतका के लिव-इन पार्टनर सुंदर पटेल ने घटना की जानकारी पुलिस को दी थी। जब पुलिस मौके पर पहुँची, तो किचन में सोनाली का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। शव के पास ही एक रस्सी और कांच के टुकड़े बिखरे मिले। मृतका के पैर के तलवों और हाथों पर कांच से कटने के गहरे निशान थे, जिससे काफी खून बह चुका था। इसके अलावा उसके सिर पर भी चोट के निशान पाए गए हैं।

पति का गंभीर आरोप- 'पैसे खत्म होने पर भांजा दामाद ने की हत्या' रविवार को मृतका के पति खरगराम पटेल और अन्य परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इंदौर निवासी पति खरगराम ने पुलिस के सामने सुंदर पटेल पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। पति ने बताया, "हमारी शादी 2014 में हुई थी और हमारा एक 9 साल का बेटा भी है। साल 2024 में काम के सिलसिले में जब हम सागर आए, तब हमारा भांजा दामाद सुंदर मेरी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। सोनाली के खाते में काफी पैसे थे, जिन्हें सुंदर ने खर्च करा लिया। अब पैसे खत्म होने पर उसने सोनाली की हत्या कर दी।" पति ने यह भी दावा किया कि घटना से एक दिन पहले सोनाली ने फोन पर रोते हुए अपनी जान को खतरा बताया था।

पुलिस को मिला सुसाइड नोट, 'बेवफाई' का है जिक्र इस पूरे मामले में मकरोनिया थाना प्रभारी रविंद्र चौहान का कहना है कि प्राथमिक जांच और मौके से मिले सबूतों के आधार पर यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें प्रेम प्रसंग और प्रेमी (सुंदर पटेल) की बेवफाई के कारण जान देने की बात लिखी गई है। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि मृतका ने फांसी लगाने की कोशिश की होगी और इस दौरान वहां पड़े कांच से उसके पैर कट गए, जिससे अत्यधिक खून बह गया।

हर एंगल से तफ्तीश में जुटी पुलिस पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे इस मामले में पति के आरोपों को भी खारिज नहीं कर रहे हैं और मामले की हर एंगल से तफ्तीश की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस घर में एक अन्य रिश्तेदार का भी आना-जाना था, पुलिस अब उसकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। मकरोनिया थाना प्रभारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और समय का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।

Share:

Leave A Reviews

Related News