Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शक्ति स्कॉलर्स' फेलोशिप के तहत छह महीने के शोध के लिए मिलेगा अनुदान, 30 अक्टूबर तक करें आवेदन


नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर रिसर्च करने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छा अवसर है। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने 'शक्ति स्कॉलर्स: एनसीडब्ल्यू यंग थिंकर्स रिसर्च फेलोशिप प्रोग्राम 2.0' के लिए आवेदन मांगे हैं। इसके लिए आयोग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर रिसर्च करने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छा अवसर है। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने 'शक्ति स्कॉलर्स: एनसीडब्ल्यू यंग थिंकर्स रिसर्च फेलोशिप प्रोग्राम 2.0' के लिए आवेदन मांगे हैं। इसके लिए आयोग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

इस फेलोशिप का मकसद युवाओं, छात्रों और शोधकर्ताओं को महिलाओं से जुड़े विषयों पर शोध करने के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही, उनके शोध के जरिए महिला सशक्तीकरण और नीतियों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

इस फेलोशिप का लक्ष्य कई क्षेत्रों में बहु-विषयक शोध को बढ़ावा देना है। इनमें महिलाओं का नेतृत्व और राजनीतिक भागीदारी, स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण, कानूनी अधिकार, साइबर सुरक्षा, जलवायु कार्रवाई, कार्य जीवन संतुलन, लिंग-आधारित हिंसा और महिलाओं से जुड़े अन्य मुद्दे शामिल हैं।

'शक्ति स्कॉलर्स फेलोशिप प्रोग्राम 2.0' के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर तक तय की गई है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम ग्रेजुएट की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, जो उम्मीदवार पोस्टग्रेजुएट पढ़ाई कर रहे हैं या पूरी कर चुके हैं, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, फेलोशिप के लिए योग्य स्वतंत्र शोधकर्ता भी आवेदन कर सकते हैं।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। चयनित उम्मीदवारों को छह महीने के शोध अध्ययन के लिए 1 लाख रुपए का शोध अनुदान दिया जाएगा। यह राशि संतोषजनक प्रगति के आधार पर चरणों में जारी की जाएगी।

इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन पत्र, 1,500–2,000 शब्दों का शोध प्रस्ताव, अपना सीवी, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आयु और पहचान का प्रमाण तथा अनुशंसा पत्र (यदि लागू हो) पीडीएफ रूप में आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय समय सीमा के अंदर भेजना होगा। वहीं, आवेदकों को ईमेल की विषय पंक्ति में 'शक्ति स्कॉलर्स: एनसीडब्ल्यू का यंग थिंकर्स रिसर्च फेलोशिप प्रोग्राम 2.0' लिखना होगा।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि प्रत्येक आवेदक केवल एक ही शोध प्रस्ताव जमा कर सकता है। आवेदनों का मूल्यांकन एनसीडब्ल्यू द्वारा गठित एक विशेषज्ञ समिति करेगी, जिसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।

अभ्यर्थी शक्ति स्कॉलर्स फेलोशिप 2.0 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एनसीडब्ल्यू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जारी विस्तृत विज्ञापन को चेक कर सकते हैं।

--आईएएनएस

डीके/वीसी

Date & Time : 2026-10-15 19:45:02

Share:

Leave A Reviews

Related News