Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद की दौड़ में छठा 'स्ट्रॉ पोल' आयोजित, सात उम्मीदवार मैदान में


संयुक्त राष्ट्र, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) ने अगले संयुक्त राष्ट्र महासचिव के चयन के लिए उम्मीदवारों पर अपना छठा 'स्ट्रॉ पोल' आयोजित किया है।

संयुक्त राष्ट्र, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) ने अगले संयुक्त राष्ट्र महासचिव के चयन के लिए उम्मीदवारों पर अपना छठा 'स्ट्रॉ पोल' आयोजित किया है।

अक्टूबर महीने में सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता कर रहे ग्रीस के संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि एग्लिया बाल्टा ने बताया कि छठे दौर का मतदान पूरा हो चुका है।

सिन्‍हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मतदान के नतीजों की जानकारी उम्मीदवारों को उन सदस्य देशों के स्थायी प्रतिनिधियों के माध्यम से दी जाएगी, जिन्होंने उनके नाम का प्रस्ताव रखा है। साथ ही संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष को भी सूचित किया जाएगा कि यह मतदान कराया जा चुका है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद के उम्मीदवारों के लिए होने वाला 'स्ट्रॉ पोल' एक अनौपचारिक और बंद कमरे में किया जाने वाला मतदान होता है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना होता है कि कौन-सा उम्मीदवार सबसे ज्यादा समर्थन प्राप्त कर सकता है। इन मतदानों के नतीजे आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं किए जाते।

इसी प्रक्रिया के जरिए सुरक्षा परिषद उस उम्मीदवार का चयन करती है, जिसकी सिफारिश बाद में संयुक्त राष्ट्र महासभा के सामने अगले महासचिव के रूप में नियुक्ति के लिए की जाती है।

माना जाता है कि सुरक्षा परिषद के सदस्यों को हर उम्मीदवार के लिए एक मतपत्र दिया जाता है, जिसमें उम्मीदवार का नाम और उसके आगे तीन विकल्प होते हैं: समर्थन, विरोध और कोई राय नहीं। सुरक्षा परिषद की सिफारिश हासिल करने के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 9 'समर्थन' वोट मिलने चाहिए।

इसके साथ ही सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों (अमेरिका, रूस, चीन, ब्रिटेन और फ्रांस) में से किसी एक का भी 'विरोध' वोट नहीं होना चाहिए। स्थायी सदस्यों का विरोध उम्मीदवार की राह रोक सकता है।

इस दौड़ में अभी सात उम्मीदवार बचे हैं: इक्वाडोर की पूर्व मंत्री और राजनयिक इवोन ए-बाकी, संयुक्त राष्ट्र महासभा की पूर्व अध्यक्ष और इक्वाडोर की पूर्व विदेश और रक्षा मंत्री मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा, अर्जेंटीना के राफेल ग्रोसी, जो वर्तमान में अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक हैं, कोस्टा रिका की पूर्व उपराष्ट्रपति और वर्तमान में 'व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन' (यूएनसीटीएडी) की महासचिव रेबेका ग्रिनस्पैन, युगांडा के ओलारा ओतुन्नु, जो संयुक्त राष्ट्र के पूर्व अवर-महासचिव रह चुके हैं, संयुक्त राष्ट्र में गुयाना की स्थायी प्रतिनिधि कैरोलिन रोड्रिग्स-बिर्केट और सेनेगल के पूर्व राष्ट्रपति मैकी साल।

मौजूदा संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस का कार्यकाल इस वर्ष के अंत में समाप्त हो रहा है। उनके उत्तराधिकारी के एक जनवरी 2027 से पद संभालना है। आने वाले दिनों में सुरक्षा परिषद के इन अनौपचारिक मतदानों के आधार पर यह साफ हो सकता है कि सात उम्मीदवारों में से किसे सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है और किसके नाम पर सुरक्षा परिषद की सहमति बन सकती है।

--आईएएनएस

एवाई/एएस

Date & Time : 2026-10-17 08:35:04

Share:

Leave A Reviews

Related News