Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

शारदीय (खरीफ) महाभियान 2026: किसान जागरूकता अभियान का शुभारंभ, एलईडी युक्त जागरूकता वाहन रवाना


नवादा, 15 जून (आईएएनएस)। नवादा में शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 के अंतर्गत किसान जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एलईडी युक्त किसान जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

नवादा, 15 जून (आईएएनएस)। नवादा में शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 के अंतर्गत किसान जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एलईडी युक्त किसान जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश के आलोक में सोमवार को समाहरणालय परिसर में अपर समाहर्ता डॉ. अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व में शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 के अंतर्गत किसान जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।

यह जागरूकता वाहन जिले के सभी 14 प्रखंडों का भ्रमण करेगा और प्रतिदिन एक प्रखंड की तीन पंचायतों में पहुंचकर किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराएगा।

जिला कृषि पदाधिकारी अजीत प्रकाश ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों का समावेश एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों तक समय पर पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि किसान जागरूकता वाहन किसानों को उन्नत एवं लाभकारी खेती के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी जागरूक करेगा।

एलईडी युक्त इस जागरूकता वाहन के माध्यम से किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं तकनीकी जानकारियों को ऑडियो-वीडियो माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही खरीफ मौसम में डीबीटी के माध्यम से कृषि अनुदान वितरण, कृषि उपादानों के वितरण, फसल प्रदर्शन कार्यक्रम एवं विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।

अभियान के दौरान जीरो टिलेज तकनीक से धान की सीधी बुआई, जल एवं श्रम की बचत करने वाली आधुनिक कृषि पद्धतियों, उत्पादन लागत में कमी लाने वाले उपायों तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के संबंध में किसानों को जागरूक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मक्का, बेबी कॉर्न एवं स्वीट कॉर्न की उन्नत खेती, उच्च गुणवत्ता वाले बीजों के उपयोग, फसल विविधीकरण एवं आय वृद्धि के उपायों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

किसानों को किसान मेला, किसान पाठशाला, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कृषक परिभ्रमण, प्रक्षेत्र दिवस एवं कृषि गोष्ठियों में सहभागिता से प्राप्त होने वाले तकनीकी लाभों के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी, ताकि वे नवीन कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि कर सकें।

अभियान के तहत संतुलित उर्वरकों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, मिट्टी जांच के महत्व, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, कृषि में ड्रोन तकनीक के प्रयोग तथा कृषि जनकल्याण चौपाल के माध्यम से किसानों को जागरूक एवं सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा। किसानों को मिट्टी जांच के आधार पर उर्वरकों के उपयोग से उत्पादन लागत कम करने तथा भूमि की उर्वरा शक्ति को दीर्घकाल तक सुरक्षित रखने के उपायों की भी जानकारी दी जाएगी।

यह जागरूकता अभियान किसानों तक कृषि विभाग की योजनाओं एवं तकनीकी जानकारियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिक एवं वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों को नवीन तकनीकों को अपनाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर एवं समृद्ध किसान बनने में सहायता मिलेगी।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share:

Leave A Reviews

Related News