
मंगलवार शाम देशभर के यूजर्स को एक साथ हैरान कर देने वाली तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X, AI चैटबॉट ChatGPT और डिजाइनिंग साइट Canva की सर्विसेज करीब दो घंटे तक बंद रहीं। शाम करीब पांच बजे शुरू हुई यह समस्या रात तक कई इलाकों में बनी रही।
यूजर्स को इन सर्विसेज पर लॉगिन, पोस्ट करने, चैट करने और प्रीमियम फीचर्स का इस्तेमाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, सर्वर स्टेटस बताने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर भी इस आउटेज की चपेट में आ गई।
दरअसल, ये पूरा मामला क्लाउडफ्लेयर नाम की अमेरिकी इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी से जुड़ा है। कंपनी दुनिया भर की वेबसाइटों को हाई स्पीड, सिक्योरिटी और सर्वर सपोर्ट मुहैया कराती है। मंगलवार को इसके सर्वर सिस्टम में आए तकनीकी फॉल्ट की वजह से दुनियाभर में करीब 75 लाख वेबसाइट्स पर असर पड़ा।
क्लाउडफ्लेयर ने बयान जारी कर कहा है कि उसे इस बड़ी गड़बड़ी की जानकारी है और इंजीनियरिंग टीमें स्थिति सामान्य करने में जुटी हैं। कंपनी ने जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया है।
डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, X प्लेटफॉर्म के तकरीबन 43 प्रतिशत यूजर्स को पोस्ट देखने में और 24 प्रतिशत को वेब कनेक्शन में परेशानी आई।
टेक एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसी घटनाएं यह दिखाती हैं कि इंटरनेट इकोसिस्टम कितना आपस में जुड़ा हुआ है, और किसी एक कंपनी की खराबी लाखों यूजर्स को प्रभावित कर सकती है।
Leave A Reviews