
अमेरिका के लुइसियाना स्थित बैटन रूज के 'मॉल ऑफ लुइसियाना' में गुरुवार को भीषण गोलीबारी हुई। पुलिस के अनुसार मॉल के फूड कोर्ट में दो समूहों के बीच बहस शुरू हुई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने पहले 10 लोगों के घायल होने की सूचना दी थी। हालांकि बाद में पुष्टि हुई कि पांच लोग घायल हैं। घायलों में कुछ मासूम राहगीर भी शामिल हो सकते हैं।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस और एफबीआई (FBI) ने मोर्चा संभाल लिया। बैटन रूज पुलिस प्रमुख टीजे मोर्स ने बताया कि मामले में अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। मॉल की प्रवक्ता लिंडसे कान ने इस घटना को डरावना बताया। लुइसियाना के गवर्नर जेफ लैंड्री ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने नागरिकों से इस क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल मॉल को खाली करा लिया गया है और सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है।
लुइसियाना में पिछले एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी बड़ी हिंसक घटना है। इससे पहले श्रेवपोर्ट इलाके में घरेलू कलह के कारण गोलीबारी हुई थी। उस हादसे में एक से 14 साल के आठ बच्चों की मौत हो गई थी। पुलिस ने उस मामले के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया था। बार-बार हो रही इन घटनाओं ने स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। पुलिस वर्तमान मॉल शूटिंग मामले की गहन जांच कर रही है ताकि सभी दोषियों को सजा मिल सके।
Leave A Reviews