
बैतूल. सारणी स्टेट हाईवे पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. गौठाना इलाके में एक अनियंत्रित बोलेरो जीप सड़क किनारे स्थित 'मन मंदिर लॉन' (मैरिज गार्डन) की दीवार से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
आधी रात का कोहराम और बारिश
हादसा रात करीब 11:15 बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय हल्की बारिश हो रही थी, जिससे सड़क पर फिसलन थी. तेज आवाज सुनकर जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तो बोलेरो (MP 48 T 1317) बुरी तरह चकनाचूर हो चुकी थी. टक्कर के प्रभाव से गाड़ी के एयरबैग तक खुल गए थे. स्थानीय निवासियों और 108 एंबुलेंस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया.
मृतक और घायलों की पहचान
हादसे में अर्जुन नगर निवासी प्रफुल्ल अनिल ठोके (25) और पुनीत ठाकरे (25) की जान चली गई. वहीं, पप्पू प्रजापति, राजू यादव, अभिषेक वडिवा और 14 वर्षीय संगम राठौर गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है.
सरकारी दफ्तर से जुड़ी थी गाड़ी
हैरानी की बात यह है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन जिला जनसंपर्क कार्यालय में अनुबंधित (Contract) था. बताया जा रहा है कि गाड़ी को मेंटेनेंस के लिए गैरेज ले जाया जा रहा था. हालांकि, जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि हादसे का शिकार हुए युवक विभाग के कर्मचारी नहीं थे. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गाड़ी इन युवकों के पास कैसे पहुँची और हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार थी या बारिश.
Leave A Reviews