
सतना जिले के डालीबाबा इलाके में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर अचानक पथराव हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अश्रुगैस के गोले दागने पड़े और हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी।
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां कोर्ट के आदेश पर नगर निगम की टीम जेसीबी मशीन के साथ अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, आसपास के मकानों की आड़ लेकर कुछ लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया।
पथराव इतना तेज था कि मौके पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान एसडीएम राहुल सिलाड़िया और थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी बाल-बाल बच गए।
हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और दो हवाई फायर किए, जिसके बाद हालात नियंत्रण में आए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पथराव में शामिल दो पुरुषों और एक महिला को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर तलाश जारी है।
घटना के बाद प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की और अवैध कब्जों को हटा दिया। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
Leave A Reviews