
पोखरण। भारत ने दुश्मन के ड्रोन से निपटने की दिशा में एक और स्वदेशी रक्षा प्रणाली का परीक्षण किया है। राजस्थान की पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में काउंटर-ड्रोन माइक्रो-मिसाइल सिस्टम ज्वाला MK-1 का सफल परीक्षण किया गया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक से लैस यह प्रणाली पांच किलोमीटर तक की दूरी पर दुश्मन के ड्रोन की पहचान कर उन्हें नष्ट करने में सक्षम बताई गई है।
रक्षा उपकरण बनाने वाली स्वदेशी कंपनी आईजी डिफेंस के मुताबिक, ज्वाला MK-1 को आधुनिक युद्ध में ड्रोन से पैदा होने वाले खतरों का मुकाबला करने के लिए विकसित किया गया है। कंपनी ने इसे स्वदेशी, स्वायत्त और किफायती काउंटर-ड्रोन समाधान के रूप में पेश किया है।
कंपनी के अनुसार, ज्वाला MK-1 एक हार्ड-किल प्रणाली है। इसका इस्तेमाल दुश्मन के ड्रोन को केवल रोकने या उनके संचार में बाधा डालने के बजाय सीधे नष्ट करने के लिए किया जा सकता है। इसकी प्रभावी मारक क्षमता पांच किलोमीटर तक बताई गई है।
आधुनिक युद्ध में छोटे और कम ऊंचाई पर उड़ने वाले ड्रोन सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बन रहे हैं। ऐसे में ज्वाला MK-1 जैसी प्रणाली महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इसका उद्देश्य आसमान में आने वाले संभावित खतरों की समय रहते पहचान करना और उन्हें लक्ष्य तक पहुंचने से पहले निष्क्रिय करना है।
ज्वाला MK-1 की प्रमुख विशेषता इसका AI आधारित मिशन ऑटोनॉमी और बैटल मैनेजमेंट सिस्टम ग्रिड है। कंपनी के मुताबिक, यह तकनीक सेंसर से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण कर संभावित खतरे का आकलन कर सकती है।
इसके जरिए संदिग्ध ड्रोन की पहचान और वर्गीकरण किया जा सकता है। इसके बाद प्रणाली लक्ष्य पर निशाना साधने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाती है। यानी खतरे की पहचान से लेकर उसे नष्ट करने तक के अलग-अलग चरणों को एक ही तकनीकी ढांचे में जोड़ने का प्रयास किया गया है।
आईजी डिफेंस के संस्थापक बोधिसत्व संघप्रिय ने कहा कि कंपनी ऐसे स्वदेशी रक्षा सिस्टम विकसित करने पर काम कर रही है, जो देश की सुरक्षा जरूरतों को पूरा कर सकें। ज्वाला MK-1 का परीक्षण इसी दिशा में एक कदम माना जा रहा है।
Leave A Reviews