नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव ने अपनी तेज गति और उछाल से सभी को प्रभावित किया है। टेस्ट और वनडे क्रिकेट में भारत के लिए कई बार महत्वपूर्ण प्रदर्शन कर चुके उमेश आईपीएल में भी विभिन्न टीमों का हिस्सा रहे और अपनी आक्रामक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को चुनौती दी।
![]()
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव ने अपनी तेज गति और उछाल से सभी को प्रभावित किया है। टेस्ट और वनडे क्रिकेट में भारत के लिए कई बार महत्वपूर्ण प्रदर्शन कर चुके उमेश आईपीएल में भी विभिन्न टीमों का हिस्सा रहे और अपनी आक्रामक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को चुनौती दी।
उमेश यादव भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज हैं। उनका जन्म 25 अक्टूबर 1987 को महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था। उमेश के पिता नागपुर के निकट खापरखेड़ा की वेस्टर्न कोल लिमिटेड के कोयला खदान में काम करते थे। उनका परिवार कोल लिमिटेड की ही कॉलोनी में रहता था।
परिवार में 2 बेटियां और 2 बेटे थे। पिता चाहते थे कि इनमें कोई एक कॉलेज में पढ़े, लेकिन परिवार के आर्थिक हालात ऐसे थे कि ऐसा न हो सका। उमेश बेहरीन क्रिकेट खेलते थे, लेकिन वह सेना या पुलिस में भर्ती होना चाहते थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
20 साल की उम्र में उमेश यादव ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में विदर्भ की तरफ डेब्यू किया, जहां पहली बार लाल रंग की एसजी टेस्ट गेंद से खेले। इससे पहले उन्होंने टेनिस बॉल से क्रिकेट खेला था। उन्होंने अपने पहले ही मैच में मध्य प्रदेश के खिलाफ 72 रन देकर 4 विकेट निकाले। 2008-09 के अपने डेब्यू सीजन में उन्होंने चार मुकाबलों में 14.60 की औसत से 20 विकेट लिए।
लगातार 140 किमी/घंटा से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले उमेश यादव को आईपीएल 2009/10 के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स ने अपने साथ जोड़ा, जिसके लिए उन्होंने 4 सीजन में कुल 31 विकेट हासिल किए। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के लिए भी खेले।
28 मई 2010 को उमेश यादव ने वनडे फॉर्मेट के जरिए भारत के लिए डेब्यू किया। इसके बाद 7 अगस्त 2012 को टी20 क्रिकेट और नवंबर 2011 को टेस्ट फॉर्मेट में भी उन्होंने भारत की तरफ से डेब्यू किया। अपने शुरुआती दो टेस्ट मुकाबलों में उन्होंने 9 विकेट लिए, जिसके दम पर उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम में चुन लिया गया। भारत के लिए बेहद खराब रहे उस ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उमेश ने चमक बिखेरी और चार टेस्ट में 14 विकेट लिए।
वनडे वर्ल्ड कप 2015 में उमेश भारत के प्रमुख गेंदबाज रहे, जिन्होंने 17.83 की औसत से 18 विकेट लिए। वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले खिलाड़ियों में तीसरे पायदान पर रहे।
घरेलू पिचों पर घातक असरदार उमेश यादव ने भारत के लिए 57 टेस्ट मुकाबलों की 112 पारियों में 30.95 की औसत के साथ 170 विकेट हासिल किए, जबकि 75 वनडे मुकाबलों में उनके नाम 106 विकेट हैं। उमेश ने देश के लिए 9 टी20 मैच में 12 विकेट चटकाए।
तेज गेंदबाज ने फर्स्ट क्लास करियर में 126 मैच खेले, जिसमें 387 विकेट झटके, जबकि 136 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके नाम 194 विकेट रहे। उमेश ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कुल 148 मैच खेले, जिसमें 144 विकेट हासिल किए।
--आईएएनएस
आरएसजी
Leave A Reviews