
नई दिल्ली. WhatsApp यूजर्स की प्राइवेसी और सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में कंपनी एक ऐसा फीचर लाने की तैयारी में है, जिसकी मदद से यूजर्स अब टेक्स्ट मैसेज भी इस तरह भेज सकेंगे कि रिसीवर उन्हें केवल एक बार ही देख पाएगा। मैसेज पढ़ने के बाद वह अपने आप चैट से गायब हो जाएगा।
अभी तक WhatsApp में View Once की सुविधा फोटो, वीडियो और वॉयस नोट्स के लिए उपलब्ध है। नए अपडेट के बाद यह विकल्प टेक्स्ट मैसेज के लिए भी मिल सकता है। इससे यूजर्स पासवर्ड, OTP और अन्य संवेदनशील जानकारियां भेजते समय इस फीचर का इस्तेमाल कर सकेंगे।
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp का यह फीचर फिलहाल Android बीटा यूजर्स के लिए रोलआउट किया गया है। इसे WhatsApp Android के बीटा वर्जन 2.26.45.6 में देखा गया है। शुरुआती टेस्टिंग के बाद कंपनी इसे अन्य बीटा यूजर्स तक पहुंचा सकती है। इसके बाद सभी यूजर्स के लिए इसका स्टेबल वर्जन जारी किए जाने की संभावना है।
हालांकि, कंपनी की ओर से सभी यूजर्स के लिए इसकी उपलब्धता को लेकर आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है।
इस फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान हो सकता है। यूजर को सबसे पहले WhatsApp पर उस व्यक्ति की चैट खोलनी होगी, जिसे वह मैसेज भेजना चाहता है। इसके बाद टेक्स्ट टाइप करके सेंड बटन को कुछ देर तक दबाकर रखना होगा।
अगर आपके WhatsApp में यह फीचर उपलब्ध है, तो स्क्रीन पर 'Schedule Message' और 'View Once' जैसे विकल्प दिखाई दे सकते हैं। इनमें से View Once को चुनकर OK पर टैप करना होगा। इसके बाद मैसेज रिसीवर को भेजा जा सकेगा।
रिसीवर इस मैसेज को एक बार खोलकर पढ़ सकेगा। मैसेज देखने के बाद उस पर 'Opened' का स्टेटस दिखाई देगा और टेक्स्ट दोनों यूजर्स की चैट से हट जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, View Once टेक्स्ट मैसेज के साथ कई तरह की पाबंदियां भी जुड़ी होंगी। रिसीवर इस मैसेज को कॉपी या सेव नहीं कर सकेगा। इसके अलावा इसे किसी दूसरे व्यक्ति को शेयर या फॉरवर्ड करने का विकल्प भी नहीं मिलेगा।
बताया जा रहा है कि इस फीचर में स्क्रीनशॉट लेने और ऐप के भीतर स्क्रीन रिकॉर्डिंग करने पर भी रोक लगाने की व्यवस्था होगी। मैसेज सामान्य चैट विंडो में दिखाई देने के बजाय एक अलग इंटरफेस में खुलेगा।
इस फीचर का मकसद ऐसी जानकारियों को सुरक्षित तरीके से साझा करने का विकल्प देना है, जिन्हें यूजर लंबे समय तक चैट में मौजूद नहीं रखना चाहता। हालांकि, संवेदनशील जानकारी भेजते समय सावधानी जरूरी रहेगी, क्योंकि कोई व्यक्ति दूसरे डिवाइस से स्क्रीन की तस्वीर ले सकता है।
Leave A Reviews