Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

महाकाल दर्शन के लिए जा रहे तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत, उज्जैन-इंदौर रोड पर ऑटो को आयशर ने मारी टक्कर


उज्जैन के इंदौर रोड स्थित पंथपिपलई इलाके में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ऑटो और तेज रफ्तार आयशर वाहन की जोरदार टक्कर के कारण हुआ।

नानाखेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, मृतक युवक Indore के रहने वाले थे और देर रात श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए उज्जैन आ रहे थे। ऑटो क्रमांक एमपी 09 एजेड 3589 में चिराग सोलंकी, विशाल रावत, गोलू उर्फ आकाश ठाकुर और चालक जितेंद्र कछवाय सवार थे।

बताया गया कि पंथपिपलई स्थित वाटर पार्क के पास उज्जैन से इंदौर की ओर जा रहे तेज रफ्तार आयशर वाहन क्रमांक एमपी 13 जीए 6538 ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे में चिराग सोलंकी, गोलू उर्फ आकाश ठाकुर और विशाल रावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक जितेंद्र कछवाय गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उनकी जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर की गई। तीनों युवक इंदौर के अरण्य नगर और लसूड़िया क्षेत्र के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन उज्जैन पहुंच गए। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद आयशर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।

Share:

Leave A Reviews

Related News