
नेपाल। नेपाल के धादिंग जिला में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जब पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस त्रिशूली नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से 27 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हादसा भारतीय समयानुसार रात करीब एक बजे चिनाधारा क्षेत्र के पास हुआ। बस में लगभग 40 से 45 यात्री सवार थे, जिनमें कुछ विदेशी पर्यटक भी शामिल थे। मृतकों में छह महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। घायलों में आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की बताई गई है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बस पृथ्वी राजमार्ग पर चल रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बेनीघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-5 के भैसेपाटी इलाके के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। बस सड़क से फिसलकर लगभग 300 मीटर नीचे ढलान से होते हुए नदी किनारे जा गिरी। दुर्घटना के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पाई गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती आशंका है कि चालक ने नियंत्रण खो दिया या सड़क की स्थिति खराब थी। यह भी जांच की जा रही है कि बस में क्षमता से अधिक यात्री तो सवार नहीं थे। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
हादसा देर रात होने के कारण बचाव अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। हाईवे रेस्क्यू मैनेजमेंट समिति के अध्यक्ष राजकुमार ठाकुरी के अनुसार घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अंधेरा और नदी का तेज बहाव राहत कार्य में बड़ी चुनौती साबित हुआ।
Leave A Reviews