अंकारा/इस्तांबुल, 13 मार्च (आईएएनएस)। तुर्की रक्षा मंत्रालय ने ईरान की ओर से हमले का दावा किया। शुक्रवार को दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल तुर्की के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी, जिसे समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।
अंकारा/इस्तांबुल, 13 मार्च (आईएएनएस)। तुर्की रक्षा मंत्रालय ने ईरान की ओर से हमले का दावा किया। शुक्रवार को दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल तुर्की के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी, जिसे समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “तुर्की के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाली ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल को पूर्वी भूमध्यसागर में तैनात नाटो की वायु और मिसाइल रक्षा इकाइयों की ओर से निष्क्रिय कर दिया गया है।”
मंत्रालय ने कहा कि देश की ओर आने वाले किसी भी खतरे के खिलाफ सभी जरूरी कदम बिना किसी हिचकिचाहट के उठाए जा रहे हैं। क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और तुर्की की राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, तुर्की की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलू ने बताया कि शुक्रवार सुबह दक्षिणी प्रांत अदाना में स्थित इंचिरलिक एयर बेस पर सायरन सुने गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में भी एक मिसाइल के आने और उसके बाद विस्फोट की आवाज सुनाई दे रही है।
मंत्रालय ने कहा कि हाल के दिनों में ईरान से तुर्की की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागने की यह तीसरी घटना है, जो क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हुई है।
इधर, अंकारा में ईरान के राजदूत मोहम्मद हसन हबीबोल्लाहजादेह ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह घटना हमारे लिए भी एक सवाल है। उन्होंने दावा किया कि यह किसी तीसरे तत्व की ओर से की गई हरकत है। वे दोनों देशों के दोस्ताना और भाईचारे के संबंधों को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।
मंगलवार को तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि नाटो की ओर से तुर्की के हवाई क्षेत्र की रक्षा में मदद के लिए दिया गया पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम पूर्वी प्रांत मालात्या में तैनात कर दिया गया है और इसे संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है।
इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने कहा था कि ईरान पर हुए हमलों से शुरू हुआ युद्ध रुकना चाहिए, इससे पहले कि यह फैलकर पूरे क्षेत्र को आग में झोंक दे। उन्होंने जोर देकर कहा कि कूटनीति अभी भी तनाव कम करने का रास्ता दे सकती है। उन्होंने कहा कि तुर्की कूटनीतिक प्रयास जारी रखे हुए है।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी
Leave A Reviews