
उज्जैन अंतर्गत चिमनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कनीपुरा रोड स्थित लक्की दरबार ढाबे पर करणी सेना से जुड़े दो पक्षों के बीच पद और वर्चस्व को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। धारदार हथियारों से किए गए हमले में राहुल दरबार और जितेंद्र पंवार की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
नीमनवासा निवासी राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप (42) और शक्ति सिंह के बीच संगठन के पद को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। बुधवार रात करीब 2 बजे दोनों पक्ष पुराने मतभेदों को सुलझाने और समझौते के इरादे से लक्की ढाबे पर बैठे थे। बातचीत के दौरान फिर से कहासुनी हो गई और दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
करणी सेना विवाद के बाद शक्ति सिंह वहां से धमकी देकर निकला और कुछ ही देर में अपने साथियों के साथ कई गाड़ियों में सवार होकर लौटा। हमलावरों के पास चाकू, तलवार और अन्य धारदार हथियार थे। ढाबे पर पहुंचते ही उन्होंने राहुल दरबार और उनके साथियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
राहुल दरबार: गंभीर रूप से घायल राहुल को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जितेंद्र पंवार: उंडासा निवासी जितेंद्र (35) का शव ढाबे के पास झाड़ियों से बरामद किया गया।
घायल: विवाद में पप्पू जाट और श्रवण कुमार राव घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
वारदात की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों के बयान के आधार पर शक्ति सिंह, अर्पित, रमेश महाना, अन्ना और सोनू बंजारा सहित 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और बलवे का मामला दर्ज किया गया है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
Leave A Reviews