
नई दिल्ली. देश में स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वालों की संख्या सवा अरब (125 करोड़) से भी ज्यादा हो चुकी है। डिजिटल इंडिया के इस दौर में करोड़ों लोग ऐसे हैं जो एक साथ दो स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे यूजर्स और उनके परिवारों के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) एक बेहद शानदार और काम का फीचर लेकर आया है, जिसका नाम है यूपीआई सर्किल (UPI Circle)। इस फीचर की मदद से अब बिना बैंक अकाउंट से मोबाइल नंबर लिंक किए भी दूसरे फोन से धड़ल्ले से पेमेंट किया जा सकेगा।
अब तक यूपीआई से पेमेंट करने के लिए यह अनिवार्य शर्त होती है कि आपका मोबाइल नंबर आपके बैंक खाते से लिंक होना चाहिए। ऐसे में जो लोग दो स्मार्टफोन रखते हैं, उन्हें पेमेंट करने के लिए हमेशा वही फोन साथ रखना पड़ता है जिसमें बैंक से लिंक्ड सिम कार्ड मौजूद हो।
लेकिन 'यूपीआई सर्किल' फीचर ने इस समस्या को हमेशा के लिए खत्म कर दिया है। इस नए फीचर के तहत मुख्य यूजर एक ही बैंक खाते के जरिए अपनी ही दूसरी डिवाइस या अपने परिवार के सदस्यों के फोन से भुगतान करने की अनुमति (Access) दे सकता है।
सरल शब्दों में कहें तो यह फीचर एक ही बैंक खाते के जरिए बिना डुप्लीकेट सिम बनाए या बिना दूसरा बैंक खाता खोले, एक से ज्यादा डिवाइस पर पेमेंट करने की सुविधा देता है।
प्राइमरी यूजर का कंट्रोल: मुख्य खाताधारक (Primary User) तय कर सकता है कि वह दूसरी डिवाइस को कितना एक्सेस देना चाहता है।
पॉकेट मनी कांसेप्ट: कुछ प्रमुख पेमेंट ऐप्स ने इस फीचर को लाइव करना शुरू कर दिया है। उदाहरण के लिए, गूगल पे (Google Pay) ने इसी तरह की सुविधा को 'पॉकेट मनी' के नाम से पेश किया है, जिससे माता-पिता अपने बच्चों के फोन में एक निश्चित लिमिट के साथ यूपीआई एक्सेस सेट कर सकते हैं।
यह सुविधा उन परिवारों के लिए वरदान साबित होगी जहां बुजुर्ग माता-पिता या बच्चों के पास अपना खुद का बैंक खाता नहीं है या उनका नंबर बैंक से लिंक नहीं है। अब मुख्य यूजर अपने यूपीआई ऐप के जरिए उन्हें पेमेंट करने का अधिकार दे सकता है। इससे परिवार के दूसरे सदस्य भी अपने फोन के जरिए मुख्य यूजर का यूपीआई इस्तेमाल कर स्वतंत्र रूप से भुगतान कर सकेंगे, जबकि उसका पूरा कंट्रोल और नोटिफिकेशन मुख्य यूजर के पास ही रहेगा।
Leave A Reviews