Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

उत्तर प्रदेश: निवेश का झूठा प्रचार, एमएसएमई बर्बाद: अखिलेश यादव


लखनऊ, 25 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर उत्तर प्रदेश में निवेश के नाम पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जमीन पर जिस तरह का निवेश दिखाया जा रहा है, वैसा वास्तविकता में नहीं है और भाजपा सरकार में एमएसएमई इकाइयां बर्बाद हुई हैं।

लखनऊ, 25 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर उत्तर प्रदेश में निवेश के नाम पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जमीन पर जिस तरह का निवेश दिखाया जा रहा है, वैसा वास्तविकता में नहीं है और भाजपा सरकार में एमएसएमई इकाइयां बर्बाद हुई हैं।

अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण बचाने का चुनाव बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार निवेश आने का दावा करती रही, लेकिन इसका वास्तविक लाभ प्रदेश की जनता को दिखाई नहीं दे रहा है।

उन्होंने हिन्दुजा समूह का जिक्र करते हुए कहा कि ट्रक और बस बनाने के लिए सरकार ने जमीन दी है और पैसा बैंकों का लगा है। उनके मुताबिक निवेशकों ने अपना कोई खर्च नहीं किया और अंततः बसें सरकार ही खरीदेगी। मोबाइल निर्माण के दावों पर भी अखिलेश ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मोबाइल का वास्तविक निर्माण नहीं हो रहा, बल्कि असेंबलिंग हो रही है और मोबाइल के पुर्जे चीन, ताइवान और कोरिया से आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नोएडा में मोबाइल बनाने की कंपनी समाजवादी पार्टी की सरकार में लगी थी। लखनऊ में आईटी सिटी बनी और दूसरे क्षेत्रों में भी निवेश हुआ। उनके मुताबिक उस समय बने अस्पताल और अन्य परियोजनाओं का लाभ आज भी दिखाई दे रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर रही है और संविधान विरोधी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहेब के संविधान को नहीं मानती और प्रदेश में अराजकता का माहौल है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। उन्होंने महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधियों और अराजक तत्वों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा की नीतियों से किसान, नौजवान और गरीब प्रभावित हैं। उन्होंने सरकार पर शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को कमजोर करने तथा सरकारी संसाधनों को पूंजीपतियों को सौंपने का आरोप लगाया।

पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण को लेकर भी उन्होंने सरकार पर मुनाफाखोरी का आरोप लगाया। एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं को लेकर अखिलेश ने कहा कि इनमें भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि गंगा एक्सप्रेस-वे और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद कई जगहों पर सड़क धंसने की शिकायतें सामने आई हैं। अखिलेश ने पीडीए को लेकर कहा कि पिछले 10 वर्षों में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के लोगों को अपमानित और प्रताड़ित किया गया तथा उनका हक छीना गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए से जुड़े लोगों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि पीडीए के लोग अब एकजुट हैं और संविधान, लोकतंत्र तथा आरक्षण की रक्षा के लिए खड़े हो गए हैं। अखिलेश के मुताबिक, पीडीए अब एक आंदोलन का रूप ले चुका है। सपा अध्यक्ष की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ‘पीडीए रथ’ अभियान शुरू किया है। अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली पहुंचे थे, जहां उन्होंने पार्टी के अभियान के दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए पीडीए को सामाजिक और राजनीतिक लामबंदी का आधार बताया था।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

Date & Time : 2026-09-25 19:35:02

Share:

Leave A Reviews

Related News