सोल, 23 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की सेना ने सोमवार को कहा कि वह समुद्री सीमा के पास उत्तर कोरियाई सैनिकों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। यह कदम एक मीडिया रिपोर्ट के बाद उठाया गया है, जिसमें बताया गया था कि 'कोस्ट गार्ड' (तटरक्षक) लिखा हुआ एक उत्तर कोरियाई जहाज, येलो सी (पीला सागर) में 'नॉर्दर्न लिमिट लाइन' (एनएलए) के पास देखा गया है।

सोल, 23 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की सेना ने सोमवार को कहा कि वह समुद्री सीमा के पास उत्तर कोरियाई सैनिकों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। यह कदम एक मीडिया रिपोर्ट के बाद उठाया गया है, जिसमें बताया गया था कि 'कोस्ट गार्ड' (तटरक्षक) लिखा हुआ एक उत्तर कोरियाई जहाज, येलो सी (पीला सागर) में 'नॉर्दर्न लिमिट लाइन' (एनएलए) के पास देखा गया है।
सोमवार को एक स्थानीय समाचार पत्र ने रिपोर्ट दी कि पिछले हफ्ते दोनों देशों की समुद्री सीमा के पास एक जहाज देखा गया, जिस पर "कोस्ट गार्ड" (तट रक्षक) लिखा था। यह पहला उत्तर कोरियाई जहाज है जिस पर ये शब्द लिखे देखे गए हैं।
योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस जहाज पर 76-मिलीमीटर कैलिबर की नौसैनिक तोपें लगी थीं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ऐसा लग रहा था कि यह जहाज पास में मौजूद चीनी मछली पकड़ने वाली नावों पर नजर रख रहा था।
जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के प्रवक्ता कैप्टन जांग डो-यंग ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, "हमारी सेना उत्तर कोरियाई बलों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है।"
जांग ने बताया कि "सीमावर्ती समुद्री इलाकों में उत्तर कोरियाई जहाजों की गतिविधियों की निगरानी हमारी सेना के सर्विलांस सिस्टम द्वारा रियल-टाइम में की जा रही है।" हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि देखे गए जहाज की भूमिका और उसका उद्देश्य क्या था।
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन ने इसी साल मार्च में एक ऐसी पुलिस प्रणाली लागू करने की योजना पेश की थी। जो उस देश में पुलिस का काम संभालेगी, जहां अब तक सार्वजनिक सुरक्षा बल ही पुलिस की भूमिका निभाते आ रहे थे।
इस कदम को एक ऐसे प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, जिसके जरिए उत्तर कोरिया खुद को एक 'सामान्य देश' के रूप में पेश करना चाहता है—ठीक वैसे ही, जैसे दुनिया के ज्यादातर देशों में पुलिस प्रणाली काम करती है।
23 मार्च को 'सुप्रीम पीपुल्स असेंबली' के एक सत्र में किम ने कहा था कि इसका लक्ष्य "कानूनी नियमों में बदलाव करके और अधिक प्रभावी व व्यावहारिक संगठनात्मक प्रणालियां स्थापित करके, हमारे कानूनी और सामाजिक ढांचे को और मजबूत व विकसित करना है, ताकि राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।"
किम ने तभी निर्देश दिया था कि जब पुलिस प्रणाली औपचारिक रूप से लागू हो जाए, तो सामाजिक सुरक्षा बलों को पुलिस बलों में बदलने की पूरी तैयारी की जाए। इससे संकेत मिलता है कि 'सामाजिक सुरक्षा मंत्रालय'—जो सार्वजनिक व्यवस्था की देखरेख करता है—को एक पुलिस निकाय में बदला जा सकता है।
--आईएएनएस
केआर/
Leave A Reviews