Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

वीजा धोखाधड़ी पर नकेल: उपराष्ट्रपति वेंस बोले- अमेरिकी वर्कर्स को हटाकर विदेशियों को रखना बर्दाश्त नहीं


वाशिंगटन, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें वीजा धोखाधड़ी से निपटने और उन नियोक्ताओं को चुनौती देने का अधिकार दिया है, जो अमेरिकी कर्मचारियों की जगह कम वेतन वाले विदेशी कर्मचारियों को काम पर रख रहे हैं। उन्होंने उत्तरी कैरोलिना में अपने चुनावी भाषण में नौकरियों की सुरक्षा को मुख्य मुद्दा बनाया।

वाशिंगटन, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें वीजा धोखाधड़ी से निपटने और उन नियोक्ताओं को चुनौती देने का अधिकार दिया है, जो अमेरिकी कर्मचारियों की जगह कम वेतन वाले विदेशी कर्मचारियों को काम पर रख रहे हैं। उन्होंने उत्तरी कैरोलिना में अपने चुनावी भाषण में नौकरियों की सुरक्षा को मुख्य मुद्दा बनाया।

किंस्टन में मध्यावधि चुनाव रैली में, वेंस ने वीजा नियमों के सख्ती से पालन को प्रशासन के उस व्यापक तर्क से जोड़ा, जिसके अनुसार सरकार को अमेरिकी कामगारों और घरेलू निवेश को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने न तो किसी नई वीजा नीति की घोषणा की, न ही किसी नई कार्रवाई के बारे में बताया, और न ही पात्रता, आवेदन प्रक्रिया या नियोक्ताओं की जिम्मेदारियों में किसी बदलाव का जिक्र किया। उनकी बातों में प्रशासन की प्राथमिकताओं की झलक थी, न कि किसी नए नियम की।

वेंस ने कहा, "राष्ट्रपति ने मुझे और मेरी टीम को वीजा धोखाधड़ी पर लगाम लगाने और ऐसे लोगों के खिलाफ लड़ने की जिम्मेदारी दी है, जो अमेरिकी कामगारों को नौकरी से निकालकर उनकी जगह कम वेतन वाले विदेशी नागरिकों को रख लेते हैं।"

उन्होंने आगे कहा कि "अमेरिकी नौकरियां अमेरिकी नागरिकों को ही मिलनी चाहिए"।

वेंस ने यह नहीं बताया कि वह किस टीम की बात कर रहे थे, और न ही यह स्पष्ट किया कि ट्रंप ने उन्हें यह जिम्मेदारी कब सौंपी थी। उन्होंने किसी ऐसे नियोक्ता का नाम भी नहीं लिया जिस पर गलत काम करने का आरोप हो, न ही किसी नियम के उल्लंघन का कोई सबूत पेश किया और न ही किसी कंपनी के खिलाफ दंड की घोषणा की।

इस पूरे बयान में भारत, भारतीय कामगारों या एच-1बी कार्यक्रम का कोई जिक्र नहीं था। इसमें अस्थायी वर्क वीजा और स्थायी निवास (परमानेंट रेजीडेंसी) पाने के रास्तों के बीच कोई अंतर भी नहीं बताया गया।

अपने भाषण के अंत में, वेंस ने फिर से रोजगार के मुद्दे पर बात की। उन्होंने उन व्यवसायों को समर्थन देने का वादा किया जो अमेरिकी कामगारों में निवेश करते हैं, जबकि जो कंपनियां नौकरियां विदेशों में ले जा रही हैं, उन्हें चेतावनी दी।

उन्होंने कहा, "मैं कारोबारी समुदाय को यह संदेश देना चाहता हूं कि अगर आप हमारे साथ मिलकर काम करने और अमेरिकी कामगारों में निवेश करने को तैयार हैं, तो हम आपके सबसे बड़े समर्थक बनेंगे।"

"लेकिन अगर आप अमेरिकी नौकरियों को विदेशों में ले जाना चाहते हैं, तो हम पूरी ताकत से आपका विरोध करेंगे, क्योंकि अमेरिकी नौकरियां अमेरिकी कामगारों को ही मिलनी चाहिए।"

उन्होंने इन दोनों बातों को राष्ट्रीय संप्रभुता से जोड़ते हुए कहा कि चुने हुए नेताओं को अमेरिकी नागरिकों के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। साथ ही, उन्हें कृषि, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और सशस्त्र बलों में काम करने वाले लोगों की आजीविका की रक्षा करनी चाहिए।

वेंस ने पहले के राजनीतिक नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने विदेशों में उत्पादन को बढ़ावा दिया, जिसकी वजह से ओहियो के उस कस्बे जैसे इलाकों को नजरअंदाज कर दिया गया, जहां वह पले-बढ़े थे। उनकी ये बातें वाशिंगटन में रिपब्लिकन पार्टी की सत्ता बनाए रखने के लिए उनके चुनावी अभियान का हिस्सा थीं।

उन्होंने ओहियो के मिडलटाउन में एक स्टील मिल में यूनियन वेल्डर के तौर पर काम करने वाले अपने दादा को याद किया और बताया कि अमेरिकी स्टील से बनी गाड़ियों पर उनके दादा को कितना गर्व होता था।

उपराष्ट्रपति ने अपने रोजगार संबंधी संदेश को लोगों की घरेलू आकांक्षाओं से भी जोड़ा, जिनमें अपना घर होना, परिवार का पालन-पोषण करना और सम्मानजनक काम पाना शामिल है। उन्होंने मतदाताओं से रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की, जिन्हें उन्होंने इन लक्ष्यों के प्रति अधिक प्रतिबद्ध बताया।

वीजा को लेकर उनकी टिप्पणी एक बड़ी रैली के संबोधन का हिस्सा थी, जिसमें आव्रजन, सार्वजनिक सुरक्षा, कराधान और विनिर्माण जैसे मुद्दों पर भी बात की गई। इस भाषण में वीज़ा से जुड़ी आगे की घोषणाओं के लिए कोई समय-सीमा नहीं दी गई और न ही किसी विशेष जांच के बारे में कोई विवरण दिया गया।

किंस्टन पूर्वी उत्तरी कैरोलिना में स्थित है, जहां वेंस ने याद किया कि उन्होंने पास के चेरी पॉइंट में एक मरीन के तौर पर काम किया था। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत सैन्य जीवन की यादों और उस समय आसपास के समुदाय से मिले समर्थन के जिक्र के साथ की।

यह रैली 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से छह दिन पहले आयोजित की गई थी। वेंस ने अपने समर्थकों से अपील की कि वे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ बाहर निकलें, रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन करें, और प्रतिनिधि ग्रेग मर्फी तथा रिचर्ड हडसन की वाशिंगटन वापसी सुनिश्चित करने में मदद करें।

--आईएएनएस

केआर/

Date & Time : 2026-10-29 09:10:05

Share:

Leave A Reviews

Related News