नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस कप ट्रॉफी 2026 में शुक्रवार को श्रीलंका, बांग्लादेश, आयरलैंड और पाकिस्तान ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। श्रीलंका और पाकिस्तान शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर अपने-अपने ग्रुप की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर हैं। आइए, शुक्रवार को खेले गए सभी चार मुकाबलों के नतीजों के बारे में जानते हैं।
![]()
नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस कप ट्रॉफी 2026 में शुक्रवार को श्रीलंका, बांग्लादेश, आयरलैंड और पाकिस्तान ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। श्रीलंका और पाकिस्तान शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर अपने-अपने ग्रुप की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर हैं। आइए, शुक्रवार को खेले गए सभी चार मुकाबलों के नतीजों के बारे में जानते हैं।
श्रीलंका बनाम स्कॉटलैंड: अजमान स्थित कारवान क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए 'ग्रुप-ए' के इस मुकाबले को श्रीलंका ने 4 विकेट से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम ने डार्सी कार्टर (62) के अर्धशतक की मदद से किसी तरह 111/8 का स्कोर बनाया। इसके जवाब में श्रीलंका ने 18.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। श्रीलंकाई खेमे से विष्मी गुणरत्ने ने सर्वाधिक 49 रन बनाए, जबकि कप्तान हर्षिता समरविक्रमा ने 24 रन की पारी खेली। स्कॉटलैंड की तरफ से अबताहा मकसूद ने 3 विकेट झटके।
आयरलैंड बनाम यूएई: आयरलैंड ने अजमान स्थित सेवन डिस्ट्रिक्ट्स ग्राउंड पर खेले गए 'ग्रुप-ए' के इस मुकाबले को 61 रन से अपने नाम किया। एमी हंटर (29) ने कप्तान गैबी लुईस (71) के साथ पहले विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी। इसके जवाब में यूएई की टीम कप्तान ईशा ओझा (51) की अर्धशतकीय पारी के बावजूद निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 110 रन ही बना सकी।
पाकिस्तान बनाम थाईलैंड: 'ग्रुप-बी' में पाकिस्तानी टीम ने अजमान स्थित कारवां क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में 24 रन से जीत हासिल की। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ने 2 विकेट खोकर 180 रन बनाए। इस पारी में आयशा जफर ने 59 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि शवाल जुल्फिकार ने 42 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
इसके जवाब में थाईलैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 156/8 का स्कोर ही खड़ा कर सकी। सलामी जोड़ी के रूप में नत्थकन चंथम (43) ने फन्नीता माया (33) के साथ पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े, जबकि कप्तान नारुएमोल चायवाई (23) ने सार्नसिरी रोजालिन प्लांट (20) के साथ चौथे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। पाकिस्तान की तरफ से तस्मिया रुबाब ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए।
बांग्लादेश बनाम जिम्बाब्वे: 'ग्रुप-बी' के अन्य मैच में अजमान के सेवन डिस्ट्रिक्ट्स ग्राउंड पर खेले गए टूर्नामेंट के आठवें मुकाबले को बांग्लादेश ने 9 विकेट से अपने नाम किया। जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 129 रन बनाए। इस दौरान चिपो मुगेरी-तिरिपानो (40) ने कप्तान जोसेफिन नकोमो (33) के साथ चौथे विकेट के लिए 71 रन जुटाए। इस पारी में राबिया खान ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में बांग्लादेश ने 17.2 ओवरों में मैच अपने नाम कर लिया। दिलारा अख्तर (नाबाद 67) ने साथी रानी (45) के साथ पहले विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। इसके बाद दिलारा ने शर्मिन अख्तर (नाबाद 6) के साथ 27 रन की अटूट साझेदारी करते हुए लक्ष्य हासिल किया।
'ग्रुप-ए' में श्रीलंकाई टीम शुरुआती दोनों मैच जीतकर टॉप पर है, जबकि स्कॉटलैंड और आयरलैंड 2 में से 1-1 मैच अपने नाम करते हुए क्रमश: दूसरे और तीसरे पायदान पर मौजूद हैं। वहीं, 'ग्रुप-बी' में पाकिस्तान शुरुआती दोनों मैच जीतकर शीर्ष पर है, जबकि नीदरलैंड अपना पहला मुकाबला जीतकर दूसरे स्थान पर है। बांग्लादेश ने 2 में से 1 मैच जीता है। यह टीम तीसरे पायदान पर मौजूद है।
--आईएएनएस
आरएसजी
Leave A Reviews