![]()
ढाका. बांग्लादेश में हिंसा की घटनाओं के बीच चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में बुधवार रात आग लगा दी गई। पुलिस ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। वहीं, गोपालगंज में भी हिंसक वारदातें रिपोर्ट की गईं। स्थानीय मीडिया ने इसकी जानकारी दी।
बांग्लादेशी अखबार 'प्रोथोम आलो' की रिपोर्ट के मुताबिक, चटगांव के पंचलैश इलाके में स्थित यूनुस के पैतृक आवास के भूतल पर बने एक खाली कमरे में रात करीब 11:30 बजे आग लगाई गई।
पंचलैश पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी मोजम्मेल हक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घर के आसपास पुलिस की नियमित गश्त चल रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने भूतल के एक खाली कमरे में आग देखी। इसके बाद वे तुरंत इमारत के भीतर पहुंचे और आग बुझा दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इमारत के भूतल पर कोई नहीं रहता है। घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर प्रोफेसर यूनुस के दो भाइयों के परिवार रहते हैं।
न्यूज एजेंसी बीएसएस के अनुसार, बांग्लादेश के गोपालगंज में बुधवार रात गोपालगंज-2 के सांसद केएम बाबर के आवास में भी तोड़फोड़ और आगजनी की घटना हुई। प्रतिबंधित गतिविधियों वाले अवामी लीग के कथित समर्थकों ने जय बांग्ला के नारे लगाते हुए सांसद के घर के मुख्य द्वार में आग लगा दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले कच्चे बम विस्फोट किए और फिर पत्थरबाजी करते हुए लाठियों से खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद वे इमारत में घुसकर सांसद के निजी कार्यालय में तोड़फोड़ करने लगे।
इस घटना से इमारत की ऊपरी मंजिल पर स्थित आराफ क्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद गर्भवती महिलाओं, हाल ही में सिजेरियन ऑपरेशन कराने वाली माताओं, नवजात बच्चों और उनके परिजनों को जल्दबाजी में बाहर निकलना पड़ा।
रिपोर्ट के मुताबिक, मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए हमलावरों ने खुद ही आग बुझा दी। सूचना मिलने पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
Leave A Reviews