Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

वियतनाम दौरा पूरा कर लौटा भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस सह्याद्री


हनोई/नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना के स्वदेशी गाइडेड-मिसाइल स्टेल्थ फ्रिगेट आईएनएस सह्याद्री ने अपनी सुदूर पूर्व (फार ईस्ट) क्षेत्र में चल रही तैनाती के तहत वियतनाम के दा नांग में 20 से 22 नवंबर तक का बंदरगाह दौरा सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।

हनोई/नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना के स्वदेशी गाइडेड-मिसाइल स्टेल्थ फ्रिगेट आईएनएस सह्याद्री ने अपनी सुदूर पूर्व (फार ईस्ट) क्षेत्र में चल रही तैनाती के तहत वियतनाम के दा नांग में 20 से 22 नवंबर तक का बंदरगाह दौरा सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे पर दोनों देशों के बीच नौसैनिक सहयोग को मजबूत करने और आपसी समझ बढ़ाने के लिए कई पेशेवर और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें वियतनाम पीपुल्स नेवी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें, दोनों नौसेनाओं के कर्मियों के बीच आपसी दौरे और सांस्कृतिक आदान-प्रदान शामिल रहे।

मंत्रालय ने कहा कि इन गतिविधियों से दोनों नौसेनाओं के बीच पेशेवर संबंध, आपसी भरोसा और दोस्ताना सहयोग और मजबूत हुआ।

बयान में कहा गया, "आईएनएस सह्याद्री का यह दौरा समुद्री साझेदारी को मजबूत करने और मित्र देशों की नौसेनाओं के साथ सहयोग बढ़ाने के भारतीय नौसेना के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। यह भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और ‘महासागर’ की सोच के अनुरूप है।"

यह युद्धपोत शुक्रवार को तीन दिन की सद्भावना यात्रा पर दा नांग शहर के 'तिएन सा' पोर्ट पहुंचा था। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और वियतनाम के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करना तथा नौसैनिक सहयोग बढ़ाना था।

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर ल‍िखा, "जहाज का वियतनाम पीपुल्स नेवी और स्थानीय प्रशासन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यह यात्रा क्षेत्र और इंडो-पैसिफिक में शांति, स्थिरता और सुरक्षा के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को फिर से मजबूत करती है।"

इस महीने की शुरुआत में वियतनाम पीपुल्स आर्मी का चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पुणे स्थित कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग पहुंचा था। यह दौरा सब्जेक्ट मैटर एक्सपर्ट एक्सचेंज (एसएमईई) कार्यक्रम के तहत हुआ था।

भारतीय सेना ने 'एक्‍स' पर बताया था कि इस यात्रा के दौरान कॉम्बैट इंजीनियरिंग, आईईडी से निपटने की तकनीक, मानवीय सहायता और आपदा राहत तथा संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में इंजीनियरिंग सहयोग जैसे विषयों पर विशेषज्ञता साझा की गई। इससे दोनों देशों के सैन्य संबंधों और आपसी समझ को और मजबूती मिली।

हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी आधिकारिक दौरे पर वियतनाम गए थे। वहां उन्होंने वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम से मुलाकात की और भारत-वियतनाम उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनके निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

वियतनाम पहुंचने से पहले आईएनएस सह्याद्री ने जापान के तट पर आयोजित मालाबार अभ्यास 2026 में हिस्सा लिया था। यह युद्धपोत 12 नवंबर को अभ्यास पूरा होने के बाद योकोसुका नौसैनिक अड्डे से रवाना हुआ था।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी

Date & Time : 2026-11-23 23:20:03

Share:

Leave A Reviews

Related News